पंजाब में फिर जमी भाजपा-एसएडी की जोड़ी : अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान, सुखबीर बादल बोले- हमारा रिश्ता अटूट

नई दिल्ली। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को एक बार फिर सियासी घटनाक्रम देखने को मिला है। दरअसल भाजपा और शिरोमणि अकाली के बीच फिर गठबंधन हो गया है। इस राजनीतिक घटनाक्रम के साथ ही पंजाब में नए सियासी समीणकरण की चर्चा तेज हो गई है। गठबंधन की घोषणा केन्द्रीय गृह मंत्री और राजनीति के चाणक्य अमित शाह भाजपा-अकाली दल की संयुक्त प्रेस वार्ता में की। इस दौरान अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा के साथ अपने रिश्ते को महज राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनाओं और विश्वास से जुड़ा अटूट संबंध बताया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, सभी को गुरु पर्व की बधाई। हमारे राष्ट्रीय साहब के नेतृत्व में आज अभी-अभी एक बैठक हुई है और उसमें अकाली दल और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने बैठकर एक फैसला लिया है कि अगला पंजाब विधानसभा का चुनाव भाजपा और अकाली दल दोनों मिलकर लड़ेंगे और आज से अकाली दल एनडीए के साथी के रूप में राजनीति में काम करेंगे।
राजनीतिक गठबंधन नहीं, भावनाओं का रिश्ता हैः सुखबीर बादल
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता दशकों पुराना है। यह केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों दलों के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने दिवंगत पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा कहते थे कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता अटूट है।
बादल ने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने पुराने गठबंधन के दौर को याद करते हुए कहा कि दोनों दलों ने लंबे समय तक मिलकर सरकार चलाई और इस दौरान पंजाब में विकास, शांति और भाईचारे को बढ़ावा मिला।
अकाली दल के ऐतिहासिक योगदान का किया जिक्र
सुखबीर बादल ने अकाली दल के इतिहास और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल कोई नई राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि देश की आजादी में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी अकाली दल ने गरीबों, मजदूरों, पंजाब और देश से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया। आपातकाल के विरोध में भी सबसे पहले मोर्चा अकाली दल ने शुरू किया था। बादल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और प्रकाश सिंह बादल ने वर्ष 1996 में जिस रिश्ते की नींव रखी थी, उसे फिर से मजबूत करना पंजाब के हित में जरूरी है।
नितिन नवीन बोले- पंजाब के विकास के लिए स्वाभाविक गठबंधन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अकाली दल की NDA में वापसी का स्वागत करते हुए इसे पंजाब और देश के हित में बड़ा फैसला बताया। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
नवीन ने कहा कि अकाली दल के साथ भाजपा का गठबंधन स्वाभाविक है। दोनों दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच पुराना जुड़ाव रहा है। अब दोनों पार्टियां एकजुट होकर पंजाब के विकास के लिए काम करेंगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
