कार्तिक पूर्णिमा पर बांद्राभान में उमड़ा आस्था का सैलाब : नर्मदा-तवा संगम में लगाई पुण्य की डुबकी, 200 साल पुरानी है परंपरा

नर्मदापुरम। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को नर्मदा और तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। करीब 200 साल पुरानी परपंरा से जुड़े इस मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। दूर-दराज के गांवों से लोग परिवार सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली, बैलगाड़ियों और अन्य वाहनों से पहुंचे और संगम पर जाकर आस्था की डुबकी लगाई। संगम के जयकारों से पूरा तट गूंज उठा और हर तरफ धार्मिक उत्साह का माहौल नजर आया।

संगम स्नान के बाद दाल-बाटी-चूरमा का लगाया भोग
नर्मदा-तवा संगम में स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने रेतीले तट पर पूजा-अर्चना की। मेले की सबसे खास परंपराओं में शामिल दाल-बाटी-चूरमा तैयार कर मां नर्मदा और तवा नदी को भोग अर्पित किया गया। परिवारों ने संगम किनारे बैठकर पारंपरिक भोजन का आनंद लिया। कहीं भजन-कीर्तन तो कहीं धार्मिक अनुष्ठान होते नजर आए। पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी किनारे विशेष व्यवस्था की गई है। कटाव वाले और जोखिम भरे स्थानों पर हरी नेट लगाकर रास्ते बंद किए गए हैं। सुरक्षित स्नान क्षेत्र बनाने के लिए बांस-बल्लियां लगाई गई हैं। गोताखोर, कुशल तैराक, होमगार्ड और पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। मोटर बोट से पेट्रोलिंग के साथ लाइफ जैकेट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाइट और वॉच टावर की व्यवस्था भी की गई है।
21 पार्किंग स्थल, सुरक्षा में 175 पुलिसकर्मी तैनात
मेले में वाहनों के लिए 19 नियमित और दो आकस्मिक सहित कुल 21 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। करीब 175 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी दो शिफ्टों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। ग्राम रक्षा समिति के 50 सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी अस्पताल और एंबुलेंस भी तैनात हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
