शहडोल की बेटी का कमाल! : लकड़ी के टुकड़ों में हुनर से लिख रहीं आत्मनिर्भरता की इबारत, सरकारी नौकरी की तैयारी के बीच नहीं टूटा हौसला

भोपाल। कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों तो मुश्किल परिस्थितियां भी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं। कुछ ऐसी ही शहडोल जिले के छोटे से गांव छतवई की रहने वाली दुर्गा सिंह की है। मनोविज्ञान में एमए करने के बाद जब आर्थिक परिस्थितियों के चलते उनके सपनों की राह मुश्किल हुई, तो उन्होंने हार मानने के बजाय अपने हुनर को ही अपनी ताकत बना लिया। आज लकड़ी के बेजान टुकड़ों पर खूबसूरत आकृतियां उकेरकर दुर्गा न केवल अपनी अलग पहचान बना रही हैं, बल्कि काष्ठ शिल्प के जरिए हर महीने 6 से 8 हजार रुपये की आमदनी भी कर रही हैं।
एमए के बाद चुनौतियों से सामना, लेकिन नहीं मानी हार
दुर्गा ने वर्ष 2019 में मनोविज्ञान विषय से एमए की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू की, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति उनके सामने बड़ी चुनौती थी। पिता मजदूरी करते हैं, मां गृहिणी हैं और परिवार में तीन बहनें तथा एक भाई हैं। सीमित आमदनी के बीच अपने सपनों को पूरा करना आसान नहीं था। इसके बावजूद दुर्गा ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प नहीं छोड़ा।
सिलाई-बुनाई से शुरू हुआ हुनर का सफर
आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए दुर्गा ने पहले सिलाई-बुनाई सीखी और फिर ब्यूटी पार्लर का काम सीखने का प्रयास किया। हालांकि, इन कामों से उन्हें अपेक्षित आमदनी नहीं हो सकी। इसके बाद वह छतवई स्थित हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र पहुंचीं। यहां से उनके जीवन को नई दिशा मिली।

गोंडी चित्रकला से काष्ठ शिल्प तक पहुंचीं दुर्गा
हस्तशिल्प केंद्र में उन्होंने सबसे पहले जनजातीय गोंडी चित्रकला का प्रशिक्षण लिया। रंगों और पारंपरिक आकृतियों में उनकी रुचि बढ़ी तो उन्होंने काष्ठ शिल्प सीखना शुरू किया। लकड़ी पर चित्रांकन और आकर्षक आकृतियां उकेरने की कला ने उनकी प्रतिभा को नया आयाम दिया। महज एक महीने के अभ्यास में उन्होंने अपनी मेहनत और कलात्मक समझ से प्रशिक्षकों को प्रभावित किया।
हुनर बना कमाई का जरिया
आज दुर्गा लकड़ी के साधारण टुकड़ों को खूबसूरत कलाकृतियों में बदल रही हैं। उनकी बनाई कलाकृतियां उनकी रचनात्मकता और मेहनत की पहचान बन रही हैं। काष्ठ शिल्प से वह वर्तमान में प्रतिमाह करीब 6 से 8 हजार रुपये कमा रही हैं। यह कमाई उनके लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का भी माध्यम बनी है।
नौकरी की तैयारी जारी, अब हुनर से पहचान बनाने का सपना
दुर्गा ने सरकारी नौकरी की तैयारी नहीं छोड़ी है, लेकिन अब वह केवल नौकरी के भरोसे नहीं हैं। उनका सपना काष्ठ शिल्प में और दक्षता हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाना और आमदनी बढ़ाना है।
दुर्गा के साथ 29 अन्य लोग भी सीख रहे काष्ठ शिल्प
छतवई का हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र ग्रामीण हुनर को रोजगार से जोड़ने का माध्यम बन रहा है। यहां वर्तमान में 12 महिलाएं काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण ले रही हैं, जबकि 17 पुरुष भी इस कला को सीख रहे हैं। दुर्गा सिंह की कहानी बताती है कि सही प्रशिक्षण, मेहनत और आत्मविश्वास के सहारे छोटे गांवों की बेटियां भी आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर सकती हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
