मंगलवार, 24 नवंबर 202607:37:52 AM
Download App
Home/देश

मप्र में घटिया सड़क निर्माण पर सरकार का हंटर : 35 की कामों की जांच में मिली 22 खामियां, ठेकेदारों पर लटकी ब्लैकलिस्टिंग की तलवार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 24, 2026
06:08 AM
35 की कामों की जांच में मिली 22 खामियां, ठेकेदारों पर लटकी ब्लैकलिस्टिंग की तलवार

भोपाल। मध्यप्रदेश में सड़कों और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत प्रदेश के सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान प्रदेश भर में 22 कार्यों में गुणवत्ता विहीन कार्य पाए जाने पर एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक भरत यादव ने संबंधित अधिकारियों को ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सात जिलों में जांच, 35 निर्माण कार्यों की खुली गुणवत्ता

बताया जा रहा है कि 20 नवंबर को मुख्य अभियंताओं के नेतृत्व में गठित सात विशेष दलों ने विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह में चयनित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इनमें लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के पांच, एमपीआरडीसी के छह, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के दो और राष्ट्रीय राजमार्ग का एक कार्य शामिल रहा।

मुरैना-बुरहानपुर में खराब सड़क निर्माण पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान मुरैना जिले के 3.50 किलोमीटर लंबे खेड़ा मेवदा-मीरापुर मार्ग और बुरहानपुर के 1.50 किलोमीटर लंबे बोहरदा-मोहनासंगम मार्ग का निर्माण संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर संबंधित कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के लिए मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया।

बुरहानपुर में निंबोला-मगरूल-थाथरबाल्डी-उतांबी-बोरी बुजुर्ग मार्ग के मजबूतीकरण सहित नाचनखेड़ा-अडगांव और दरियापुर-जशोंधी (महाराष्ट्र सीमा) मार्गों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इन मामलों में भी ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

दमोह में 73 किलोमीटर के मार्ग पर भी गिरी गाज

दमोह जिले में निर्माणाधीन 73.265 किलोमीटर लंबे दमोह-हटा-गैसाबाद-सिमरिया मार्ग की गुणवत्ता को लेकर संबंधित कंसल्टेंट के विरुद्ध कार्रवाई और ठेकेदारों की ब्लैकलिस्टिंग के निर्देश दिए गए।

विदिशा के गुणवत्तापूर्ण निर्माण की हुई सराहना

जहां कई जिलों में निर्माण कार्यों में खामियां मिलीं, वहीं विदिशा जिले में निर्माणाधीन झारखेड़ा-बेरसिया-ढोलखेड़ी मार्ग का काम गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इसके लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री श्री दीपक असाटी की सराहना की गई।

लोकपथ ऐप की शिकायतों पर चार दिन में कार्रवाई

समीक्षा बैठक में भरत यादव ने लोकपथ ऐप पर मिलने वाली शिकायतों का चार दिन की निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को देने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को भी कहा गया। शिकायतों की समीक्षा मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री स्तर पर होगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें