शुक्रवार, 4 सितंबर 202605:39:22 AM
Download App
Home/देश

PWD अफसर के ठिकानों से निकला करोड़ों का साम्राज्य : ईओडब्ल्यू का शिकंजा, 3 शहरों में की ताबड़तोड़ कार्रवाई

admin

admin

Sep 03, 2026
12:49 PM
ईओडब्ल्यू का शिकंजा, 3 शहरों में  की ताबड़तोड़ कार्रवाई

भोपाल। सरकारी पद पर रहते हुए करोड़ों की संपत्ति जुटाने के आरोप ने मध्यप्रदेश में हड़कंप मचा दिया है। बालाघाट में पदस्थ लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू ने गुरुवार सुबह एक साथ बड़ा शिकंजा कसा। सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में मकान और अन्य परिसरों को खंगाला गया। शुरुआती जांच में करीब 11 करोड़ रुपये की अनुमानित अनुपातहीन संपत्ति सामने आने का दावा किया गया है। छापे में करोड़ों की जमीन-मकान, फार्म हाउस, नकदी, सोना और महंगे वाहनों की जानकारी ने जांच एजेंसी की जांच को और गंभीर बना दिया है

तीन शहरों में एक साथ पहुंची टीमें

ईओडब्ल्यू की कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से शुरू की गई। एक साथ तीन शहरों में तलाशी अभियान चलाकर अधिकारियों ने मकानों, फार्म हाउस और अन्य परिसरों में मौजूद दस्तावेज, नकदी, आभूषण, वाहन और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि सामने आई संपत्तियां अधिकारी और उनके परिवार की घोषित आय के अनुरूप हैं या नहीं।

छिंदवाड़ा में मकान से लेकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक

छिंदवाड़ा स्थित आवास की तलाशी के दौरान करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन और मकान की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा करीब 7.50 लाख रुपये नकद, लगभग 1 करोड़ रुपये के घरेलू सामान की इन्वेंट्री और करीब 350 ग्राम सोने के आभूषण मिले हैं। चांदी के आभूषण और महिंद्रा एक्सयूवी 700 व स्कॉर्पियो सहित कई वाहन भी जांच के दायरे में आए हैं।

तलाशी के दौरान करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी पता चला है। ईओडब्ल्यू ने छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस की भी जांच की, जहां करीब 2 करोड़ रुपये की जमीन और निर्माण के साथ ट्रैक्टर, ट्रॉली और कृषि उपकरण मिलने की जानकारी सामने आई है।

भोपाल में भी करोड़ों की संपत्ति

भोपाल स्थित आवास की तलाशी में करीब 2 करोड़ रुपये की जमीन और मकान का पता चला है। वहीं बालाघाट स्थित सरकारी आवास से 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी को अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर अलग-अलग बैंकों में करीब 12 खाते संचालित होने की जानकारी भी मिली है। इन खातों में जमा रकम और लेनदेन का ब्योरा जुटाया जा रहा है।

जांच पूरी होने पर बढ़ सकता है आंकड़ा

ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार के जरिए आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने की शिकायत के सत्यापन के बाद सिंगारे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल दस्तावेजों, बैंक खातों, लॉकर, नकदी और संपत्तियों की जांच जारी है। अधिकारियों के मुताबिक तलाशी पूरी होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा 11 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकता है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें