शनिवार, 31 अक्टूबर 202609:46:58 AM
Download App
Home/देश

राहुल की रैली के खिलाफ व्यापारियों का फूट पड़ा गुस्सा : 20 बड़े बाजारों में पोस्टर अभियान चलाने का ऐलान, बोले- दिवाली पर हमारी मोहब्बत की दुकानें बंद मत कराइए

admin

admin

Oct 31, 2026
04:57 AM
20 बड़े बाजारों में पोस्टर अभियान चलाने का ऐलान, बोले- दिवाली पर हमारी मोहब्बत की दुकानें बंद मत कराइए

नई दिल्ली। दिवाली के त्योहारी मौसम में दिल्ली के व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। व्यापारियों और उद्यमियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा है कि राजनीति के बाजार में व्यापारियों की मोहब्बत की दुकानें बंद मत कीजिए। संगठन ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित विशाल रैली को लेकर चिंता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि रैली के कारण दिल्ली के प्रमुख बाजारों में कारोबार ठप हो सकता है और दिवाली के सबसे अहम बिक्री के समय पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

मोहब्बत की दुकानें बंद कराना कैसा प्यार?

सीटीआई ने राहुल गांधी के मोहब्बत की दुकान वाले बयान को आधार बनाकर पोस्टर अभियान शुरू किया है। संगठन का कहना है कि व्यापारियों की दुकानें भी ग्राहकों के साथ प्यार, विश्वास और आपसी संबंधों के आधार पर चलती हैं। ऐसे में दिवाली के सबसे बड़े त्योहार के दौरान रैली के कारण इन दुकानों पर ताले लगने की नौबत नहीं आनी चाहिए।

सीटीआई के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करते हैं, लेकिन दिल्ली में 300 साल पुरानी व्यापारिक परंपराओं वाली दुकानों का कारोबार रैली के कारण प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक की परांठे वाली दुकानें, खारी बावली के मसाले, सदर बाजार की चूड़ी-बिंदी, चावड़ी बाजार के सफाई-सज्जा के सामान और करोल बाग की मशहूर कुल्फी जैसी दुकानें दिल्ली की व्यापारिक पहचान हैं। इनसे हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी है।

20 बड़े बाजारों में लगेगा विरोध का पोस्टर

सीटीआई ने रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले 20 प्रमुख बाजारों में पोस्टर लगाने का ऐलान किया है। इनमें चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, भागीरथ पैलेस, नया बाजार, चावड़ी बाजार, कश्मीरी गेट, दरियागंज, कनॉट प्लेस, करोल बाग, पहाड़गंज, अजमेरी गेट, लाहौरी गेट, जनपथ, पालिका बाजार, बल्लीमारान और किनारी बाजार सहित अन्य बाजार शामिल हैं।

10 लाख लोगों की रैली से कारोबार ठप होने की आशंका

बृजेश गोयल ने दावा किया कि रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों और करीब 20 हजार वाहनों के पहुंचने से आसपास के बाजारों में यातायात और पार्किंग की गंभीर समस्या पैदा होगी। उन्होंने कहा कि मैदान में 100 बसों की पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे करीब 20 लाख व्यापारियों का 10 से 12 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है। साथ ही 75 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर संकट आने की आशंका है। सीटीआई ने मांग की है कि त्योहारी कारोबार और व्यापारियों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए रैली के आयोजन पर पुनर्विचार किया जाए।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें