सनातन धर्म के खिलाफ पदयात्रा कर रहे दिग्गी : भाजपा विधायक गंभीर आरोप, रामेश्वर ने मथुरा की यात्रा निकालने दी चुनौती

भोपाल। कांग्रेस के सीनियर नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या तक की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 20 अक्टूबर से शुरू हो गई। करीब 950 किमी की यह यात्रा लगभग 70 दिन में अयोध्या के राम मंदिर पहुंचेगी। उनकी इस पदयात्रा सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह की यात्रा पर निशाना साधा है। यही नहीं, उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दिग्विजय सनातन धर्म के समर्थन में नहीं, बल्कि उसके खिलाफ यात्रा निकाल रहे हैं। साथ ही शर्मा ने उन्हें अयोध्या के बजाय मथुरा की यात्रा निकालने की चुनौती भी दी है।
‘सनातन को बदनाम करने की कोशिश’ का आरोप
रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। देश में सनातन धर्म के पक्ष में आस्था का ज्वार उठ रहा है, जिसे दिग्विजय सिंह रोकना चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि दिग्विजय सिंह वास्तव में सनातन और हिंदू आस्था के मुद्दों को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से जुड़े विषय पर अपनी बात रखनी चाहिए।
मथुरा में मंदिर निर्माण के मुद्दे पर घेरा
शर्मा ने दिग्विजय सिंह से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए आगे आने और वहां मौजूद ढांचे को हटाने की मांग का समर्थन करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को अयोध्या की यात्रा निकालनी थी, तो उस समय निकलना चाहिए था, जब कारसेवक राम मंदिर आंदोलन के लिए आगे आए थे।
‘मथुरा में कारसेवा होगी तो हम भी साथ आएंगे’
बीजेपी विधायक ने कहा कि यदि मथुरा में कारसेवा होती है, तो वह भी साथ आने के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान से सनातन यात्रा और मथुरा में मंदिर निर्माण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
