‘जय माता दी’ दुपट्टे में दिखीं मालती : प्रियंका ने शेयर की तस्वीरें

ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अपने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दशहरा मनाया। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपने परिवार के इस खास मौके की तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें पूरा परिवार पूजा-अर्चना करता नजर आ रहा है।

बेटी मालती के साथ प्रियंका-निक ने किया कन्या पूजन
प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दशहरा सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें उनकी बेटी मालती मैरी सफेद रंग की पारंपरिक पोशाक और 'जय माता दी' लिखा लाल दुपट्टा पहने नजर आईं। कन्या पूजन के दौरान प्रियंका और निक अपनी बेटी के पैर धोते दिखाई दिए। दोनों ने घर के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस मौके पर मंदिर को फूलों और धार्मिक मूर्तियों से सजाया गया था।
पारंपरिक अंदाज में दिखीं मालती, तस्वीरों ने खींचा ध्यान
तस्वीरों में निक जोनस भी पूरे उत्साह के साथ पूजा में हिस्सा लेते नजर आए। वहीं, मालती की छोटी-छोटी चूड़ियों और पारंपरिक वेशभूषा ने भी सबका ध्यान खींचा। प्रियंका और निक की इन तस्वीरों में परिवार का पारंपरिक और आध्यात्मिक अंदाज देखने को मिला।

प्रियंका ने मां दुर्गा से की आशीर्वाद की कामना
प्रियंका ने तस्वीरों के साथ साझा किए गए संदेश में मां दुर्गा की शक्ति, प्रार्थनाओं की पवित्रता और दशहरे की भावना का जिक्र किया। उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा का आशीर्वाद आज, कल और हमेशा सभी के साथ बना रहे।
बेटी को भारतीय संस्कृति से जोड़ रहीं प्रियंका
अभिनेत्री अक्सर अपनी बेटी मालती को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने की कोशिश करती हैं। इससे पहले अगस्त में भी प्रियंका ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह मालती को दुर्गा सप्तशती का एक श्लोक सिखाती नजर आई थीं। वीडियो में मालती अपनी मां के साथ संस्कृत प्रार्थना दोहराने की कोशिश करती दिखाई दी थीं।

सरोगेसी से माता-पिता बने थे प्रियंका और निक
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए बेटी मालती के माता-पिता बने थे। मालती का जन्म समय से पहले हुआ था, जिसके बाद उन्हें करीब 110 दिनों तक नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में रखा गया था।
प्रियंका पहले भी इस चुनौतीपूर्ण दौर के बारे में बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि वह और निक बारी-बारी से अस्पताल में अपनी बेटी के पास रहते थे। निक गिटार पर गाने गाकर मालती को सुनाते थे, जबकि प्रियंका उसके पास महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र और 'ओम नमः शिवाय' जैसे मंत्र बजाती थीं।
प्रियंका और निक की दशहरा पूजा की तस्वीरें भारतीय परंपराओं के प्रति उनके जुड़ाव और बेटी को सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराने की उनकी कोशिश को सामने लाती हैं।
पलक गीते
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
