दिल्ली-NCR में AQI बढ़ने के बाद सरकार अलर्ट : GRAP-1 लागू, बिना PUC वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई, सड़कों की सफाई के लिए सख्त निर्देश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बढ़ने के बाद प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू कर दिया गया है। दिल्ली-NCR में प्रदूषण कम करने के लिए सरकार ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली के उद्योग, पर्यावरण, खाद्य एवं आपूर्ति तथा वन एवं वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
100 प्रतिशत सड़कों की सफाई पर जोर
GRAP-1 के तहत धूल से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सख्ती बढ़ाई गई है। सभी संबंधित एजेंसियों को मैकेनिकल रोड स्वीपर्स के माध्यम से 100 प्रतिशत सड़कों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में कचरा या अन्य सामग्री जलाने पर रोक लगाने के लिए निगरानी टीमें दिन-रात सक्रिय रहेंगी।
ट्रैफिक जाम कम करने के लिए विशेष निगरानी
पर्यावरण मंत्री ने बताया कि ट्रैफिक जाम के कारण होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाया गया है। उन्होंने खुद शहर के कई इलाकों का दौरा कर जाम वाले स्थानों की पहचान की है। सरकार का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाकर वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है।
बिना वैध PUC के वाहन चलाने पर कार्रवाई
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना वाहन न चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली में प्रवेश करने वाले गैर-जरूरी और बाहरी वाहनों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर भी शिकंजा
सरकार ने उद्योगों और नियमों का पालन नहीं करने वाली इकाइयों के निरीक्षण तेज कर दिए हैं। विभिन्न विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों की जांच कर रही हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियां भी बढ़ाई गई हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
