महिलाओं के लिए खोली जाएंगी अलग शराब दुकानें! : भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने खबरों को बताया भ्रामक और निराधार, कांग्रेस को लिया आड़े हाथों

भोपाल। मध्यप्रदेश में महिलाओं के लिए अलग शराब दुकानें खोले जाने की अफवाहों पर भाजपा ने अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया में वायरल हो रहीं इस तरह की खबरों को भ्रामक, निराधार और झूठा करार दिया है। साथ ही उन्होंने उन्होंने कांग्रेस को भी अपने निशाने पर लिया।
आशीष अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार का ऐसे किसी प्रस्ताव से कोई संबंध नहीं है। इस तरह की खबरें पूरी तरह से अफवाह है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार महिलाओं के लिए अलग शराब दुकानें खोलने की किसी भी योजना पर न तो विचार कर रही है और न ही भविष्य में ऐसा कोई प्रस्ताव उसके एजेंडे में है। पार्टी का कहना है कि उसने हमेशा समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम किया है और महिलाओं के लिए शराब दुकानों का समर्थन कभी नहीं किया।
मौजूदा सरकार के खिलाफ फैलाया जा रहा भ्रम
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के एक पुराने प्रस्ताव को तोड़-मरोड़कर मौजूदा सरकार से जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर यह प्रचारित किया जा रहा है कि भाजपा सरकार महिलाओं के लिए विशेष शराब दुकानें खोलने जा रही है, जबकि यह दावा पूरी तरह तथ्यों से परे है।
विपक्ष में रहते भाजपा ने कांग्रेस के प्रस्ताव का किया था विरोध
अग्रवाल ने यह भी खुलासा किया की उस समय भाजपा विपक्ष में थी और उसने इस प्रस्ताव का जोरदार विरोध किया था। व्यापक विरोध के चलते कांग्रेस सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा था। इसके बाद मार्च 2020 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ और भाजपा सरकार बनने के बाद इस प्रस्ताव को कभी आगे नहीं बढ़ाया गया।
धार्मिक स्थलों के आसपास दुकानें बंद करने का किया उल्लेख
भाजपा ने अपनी नीति का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास संचालित शराब दुकानों को बंद करने जैसे फैसले लेकर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। पार्टी का दावा है कि उसकी प्राथमिकता सामाजिक हितों की रक्षा करना और नशे के दुष्प्रभावों को कम करना है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
