हम हिन्दू नहीं सनातनी हैं : दिग्गी के बयान पर भाजपा का तीखा पलटवार, प्रदेश मीडिया ने पूछा- किसे करना चाहते हैं खुश

भोपाल। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के हम हिंदू नहीं, सनातनी हैं वाले बयान से एक बार फिर सियासत गरमा गई है। बता दें उन्होंने हिंदू शब्द को फारसी बताते हुए सनातन धर्म को हजारों वर्षों पुरानी परंपरा बताया और हिंदुत्व पर ध्रुवीकरण व नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उनके इस बयान पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने तीखा पलटवार किया है। साथ ही उन्होंने दिग्गी माफी मांगने की मांग की है।
भाजपा प्रदेश मीडिया ने निशाना साधते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह जी का हिंदुत्व के प्रति द्वेष एक बार फिर उजागर हो गया है। सत्य सनातन यात्रा का चोला पहनकर निकले दिग्विजय सिंह उसी सनातन धर्म और हिंदुत्व को विद्वेष फैलाने वाली विचारधारा बता रहे हैं, जिसने हजारों वर्षों से भारत की संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक समरसता को जीवित रखा है। इतना ही नहीं इसी सनातन परंपरा ने भारत को सहिष्णुता, सर्वसमावेशिता और वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश पूरी दुनिया को दिया है।
हिन्दुत्व को कर रहे बदनाम
भाजपा नेता ने कहा कि विडंबना देखिए, धर्म और सनातन के नाम पर राजनीतिक यात्रा निकालकर अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने निकले नेता उसी हिंदुत्व को बदनाम करने में जुटे हैं। यह कैसी सत्य सनातन यात्रा है, जिसमें सनातन की ही विचारधारा को कटघरे में खड़ा किया जा रहा है? यह आस्था की यात्रा है या राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने का नया पैंतरा?
हिन्दुत्व को निशाना बनाकर किसे खुश करना चाहते हैं
दिग्विजय सिंह जी, हिंदुत्व पर सवाल उठाने से पहले यह बताइए कि क्या आपमें अन्य धर्मों की विचारधाराओं पर भी इसी प्रकार टिप्पणी करने का साहस है? हिंदुत्व को निशाना बनाकर किसे खुश करना चाहते हैं? क्या आपकी राजनीति का आधार ही हिंदू समाज की आस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना रह गया है?
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
