एक मंच पर आज दिखेंगे मोहन यादव और नरोत्तम मिश्रा : दतिया में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, आशुतोष की नामांकन रैली से एकजुटता का संदेश

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। इससे पहले राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान भाजपा के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अलावा पार्टी के सीनियर मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं, शक्ति प्रदर्शन के मंच पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी दिखाई देंगे। टिकट कटने के बाद बाद पहली बार शीर्ष नेतृत्व और नरोत्तम मिश्रा का एक मंच पर दिखाई देना राजनीतिक रूप से भाजपा के लिए काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक पंडितों की मानें तो इसे पार्टी की एकजुटता और डैमेज कंट्रोल की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
किला चैक पर होगी विशाल आमसभा
भाजपा ने नामांकन को शक्ति प्रदर्शन का रूप दिया है। दोपहर एक बजे दतिया के किला चैक पर विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद आशुतोष तिवारी नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी का प्रयास है कि इस रैली के जरिए कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच एकजुट संगठन का संदेश पहुंचे।
टिकट कटने के बाद मचा था बवाल
दतिया उपचुनाव में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद भाजपा के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया था। आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा के बाद समर्थकों ने हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। करीब 12 घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे। अगले दिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रास्ता खाली कराया गया।
हालांकि बाद में भोपाल में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठक के बाद हालात सामान्य हुए। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और पार्टी मंच पर अपनी बात रखने की अपील की थी। अब सोमवार की नामांकन रैली पर सभी की नजरें हैं, क्योंकि भाजपा इसी मंच से यह संदेश देना चाहती है कि शुरुआती विवाद के बाद संगठन पूरी तरह एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर चुका है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
