लाल किताब लेकर घूमने वालों पर बरसे यूपी सीएम : बोले-संविधान का गला घोटने वाले आज जनता को कर रहे गुमराह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वे आज हाथों में लाल किताब लेकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। संविधान की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान 145 करोड़ देशवासियों का गौरव और लोकतंत्र का सबसे बड़ा आधार है।
सीएम योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। उन्होंने सपा सरकार पर कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाने का आरोप लगाया और कहा कि वर्तमान सरकार ने इसे दोबारा बहाल किया। उन्होंने महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक, उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज और राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने का भी उल्लेख किया।
माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का भी लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने, पेपर लीक, नकल, सरकारी नौकरियों में वसूली और गरीबों को योजनाओं से वंचित रखने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है।
योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में बाबा साहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। उन्होंने संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारतीय विरासत से जुड़े चित्रों का भी उल्लेख किया।
यूपी में 3,955 अंबेडकर स्थलों का होगा कायाकल्प
इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित अन्य अतिथियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया।
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और सामाजिक न्याय के महापुरुषों से जुड़े कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर विकास और सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जा रहा है। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार छतरी, बाउंड्रीवॉल, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही परिसर में सुंदर फुलवारी भी विकसित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा साहेब, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के विचारों और योगदान को सम्मान देने का प्रयास है।
हम भारत के लोग में छिपी है संविधान की असली ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द हम भारत के लोग स्पष्ट करते हैं कि देश की संप्रभुता का वास्तविक आधार आम नागरिक है। भारत ने संविधान लागू होने के पहले दिन से प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मतदान का अधिकार दिया। यह भारतीय लोकतंत्र की बड़ी विशेषता है।
उन्होंने कहा कि विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाता है। संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता और नागरिक अधिकारों का मार्गदर्शक है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
