इलाज के लिए अब दूसरे राज्यों का नहीं करना पड़ेगा रुख : दो साल में MP को मिलेंगे 55 नए मेडिकल कॉलेज, CM मोहन बोले- गांव-गांव तक पहुंचाएंगे बेहतर चिकित्सा

भोपाल। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। अगले दो साल में प्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार होंगे। इससे प्रदेश के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़े। इसके लिए अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों का लगातार विस्तार किया जा रहा है। आयुष्मान योजना से भी आम लोगों को उपचार में बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील में आयोजित नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। जिला प्रशासन शाजापुर और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन की ओर से यह अभियान राष्ट्रसेवी स्वर्गीय शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर शुरू किया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य जांच से समय रहते पता चलेंगी बीमारियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलायकलां में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर की शुरुआत स्थानीय स्तर पर की गई सराहनीय पहल है। ऐसे शिविरों से लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति और संभावित बीमारियों की जानकारी समय रहते मिल सकेगी। इससे वे जरूरी सावधानियां बरतने के साथ समय पर उपचार भी करा सकेंगे। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक सोच के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। सरकार चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है, लेकिन समाज और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
एयर एम्बुलेंस और राहवीर योजना से मिल रही मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के लिए राहवीर योजना संचालित की जा रही है। इसके अलावा सभी जिलों में मानव गरिमा को ध्यान में रखते हुए शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आम आदमी की पहुंच तक पहुंचाना है, ताकि आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियां किसी के उपचार में बाधा न बनें।
सड़क, शिक्षा और किसान कल्याण पर भी जोर
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास और खुशहाली के लिए काम कर रही है। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में कई फैसले लिए गए हैं। प्रदेश में सड़कों का जाल लगातार बढ़ाया जा रहा है। बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, व्यवसाय और शिक्षा के विस्तार को गति मिलेगी। लाड़ली बहना योजना की निरंतरता सुनिश्चित की जा रही है। सांदीपनि विद्यालयों और चिकित्सा महाविद्यालयों का विस्तार भी जारी है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
