समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 1 दिसंबर से : लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मंत्री राजपूत ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भोपाल। मध्यप्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान, ज्वार और बाजरा की खरीदी की तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य शासन ने इसके लिए उपार्जन नीति घोषित कर दी है। ज्वार और बाजरा की खरीदी 23 नवंबर से शुरू हो चुकी है, जो 23 दिसंबर तक चलेगी। वहीं धान का उपार्जन एक दिसंबर से शुरू होकर 20 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। सभी उपार्जन केंद्रों पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खरीदी होगी।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपार्जन नीति का पालन पूरी गंभीरता से किया जाए। उन्होंने प्रदेश के सभी कलेक्टरों, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि खरीदी में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धान का 2461 और ज्वार का 4073 रुपए मिलेगा भाव
सरकार ने विभिन्न फसलों के समर्थन मूल्य निर्धारित कर दिए हैं। इसके तहत धान कॉमन का 2441 रुपए और धान ग्रेड-ए का 2461 रुपए प्रति क्विंटल भाव मिलेगा। ज्वार मालदंडी का समर्थन मूल्य 4073 रुपए और ज्वार हाइब्रिड का 4023 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। वहीं बाजरा की खरीदी 2900 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी। समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
बारदानों की भी रहेगी व्यवस्था
धान की खरीदी के लिए 46 प्रतिशत पुराने और 54 प्रतिशत नए जूट के बारदानों का इस्तेमाल किया जाएगा। इनकी व्यवस्था उपार्जन एजेंसी करेगी। जबकि ज्वार और बाजरा की खरीदी नए जूट के बारदानों में होगी। उपज की गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी खरीदी केंद्र पर संबंधित संस्था और भंडारण स्थल पर उपार्जन एजेंसी की रहेगी।
स्लॉट बुकिंग के बाद बेच सकेंगे उपज
किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए उपार्जन केंद्र और तारीख का चयन करते हुए स्लॉट बुकिंग करानी होगी। किसान पंजीयन में दर्ज फसल के रकबे और राजस्व विभाग की ओर से निर्धारित उत्पादकता के आधार पर अधिकतम विक्रय योग्य मात्रा तय की जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटे, कंप्यूटर और अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था भी जरूरत के अनुसार की जाएगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
