गुरुवार, 26 नवंबर 202608:33:53 PM
Download App
Home/देश

जनपरिचय प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे विभागीय पोर्टल : अलग-अलग वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर पंजीयन कराने की झंझट होगी खत्म, भोपाल में कल होगी राज्य स्तरीय कार्यशाला

admin

admin

Nov 26, 2026
04:08 PM
अलग-अलग वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर पंजीयन कराने की झंझट होगी खत्म,  भोपाल में कल होगी राज्य स्तरीय कार्यशाला

भोपाल। मध्यप्रदेश के करीब आठ करोड़ नागरिकों के लिए सरकारी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल आसान बनाने की तैयारी है। अब अलग-अलग सरकारी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर बार-बार पंजीयन कराने और अलग-अलग पासवर्ड याद रखने की परेशानी खत्म होगी। प्रदेश के विभिन्न विभागों के पोर्टल और मोबाइल ऐप को राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म ‘जनपरिचय-मेरी पहचान’ से जोड़ा जाएगा। इसके बाद नागरिक एक ही लॉगिन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। इस व्यवस्था से सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ समय की बचत होगी और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार भी होगा।

इस व्यवस्था को लागू करने और तकनीकी पहलुओं की जानकारी देने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) एवं केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा 27 नवंबर को नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, तकनीकी टीमें और मोबाइल ऐप तैयार करने वाले डेवलपर्स शामिल होंगे।

एक बार लॉगिन, कई सरकारी सेवाओं का उपयोग

जनपरिचय प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों को ‘एक नागरिक, एक लॉगिन’ की सुविधा मिलेगी। अभी अलग-अलग विभागों की वेबसाइट और ऐप पर सेवाओं का लाभ लेने के लिए अलग पंजीयन और पासवर्ड की जरूरत पड़ती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद एक ही लॉगिन से विभिन्न विभागों की सेवाओं तक पहुंच संभव होगी। इससे सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करना, जानकारी प्राप्त करना और ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करना अधिक सुविधाजनक होगा।

बार-बार जानकारी भरने की जरूरत भी होगी कम

जनपरिचय प्लेटफॉर्म पर एक बार सत्यापित प्रोफाइल तैयार होने के बाद विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन करते समय जरूरी बुनियादी जानकारी स्वत: उपलब्ध हो सकेगी। इससे नागरिकों को बार-बार अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज नहीं करनी पड़ेगी। आवेदन प्रक्रिया में लगने वाला समय कम होगा और गलत जानकारी दर्ज होने की आशंका भी घटेगी। प्लेटफॉर्म में आधुनिक सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रमाणीकरण की व्यवस्था रहेगी, जिससे नागरिकों के आंकड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

ऐप बनाने वाली टीमों का तकनीकी काम होगा आसान

इस व्यवस्था का लाभ केवल नागरिकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी पोर्टल और मोबाइल ऐप तैयार करने वाली तकनीकी टीमों को भी मिलेगा। अभी प्रत्येक नए पोर्टल या ऐप के लिए अलग पंजीयन, पासवर्ड रीसेट और ओटीपी आधारित लॉगिन प्रणाली विकसित करनी पड़ती है। इसके रखरखाव में भी समय और संसाधन खर्च होते हैं। जनपरिचय के एकीकरण से विभागों को अलग-अलग प्रमाणीकरण प्रणाली तैयार करने की जरूरत कम होगी।

एपीआई से तेजी से जुड़ेंगे विभागीय पोर्टल

कार्यशाला में एनआईसी और मंत्रालय के विशेषज्ञ लाइव प्रदर्शन और व्यावहारिक सत्रों के जरिए तकनीकी जानकारी देंगे। मानकीकृत एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) के माध्यम से विभागीय पोर्टल और ऐप को जनपरिचय से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। इससे एकीकरण का काम कम समय में पूरा करने और साइबर सुरक्षा के बेहतर मानक अपनाने में मदद मिलेगी। तकनीकी टीमों का कार्यभार घटने से वे ऐप की उपयोगिता, सुविधाओं और नागरिकों के बेहतर अनुभव पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें