क्रेन पहुंची, तैयारी पूरी... : लेकिन टस से मस नहीं हुई हनुमान प्रतिमा, पुजारी की बिगड़ी तबियत, अब विशेषज्ञों की राय के बाद होगा मंदिर विस्थापन पर फैसला

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के सतीगेट स्थित 170 साल पुराने खड़े हनुमानजी मंदिर के विस्थापन को लेकर चल रही कवायद तीन दिन बाद भी आगे नहीं बढ़ सकी है। सड़क चैड़ीकरण के दायरे में आ रहे मंदिर परिसर में रविवार को भी प्रशासनिक और तकनीकी गतिविधियां जारी रहीं, लेकिन प्रतिमा को मूल स्थान से हटाने की कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन अब विशेषज्ञों की सलाह और तकनीकी परीक्षण के आधार पर ही अगला कदम उठाने की बात कह रहा है।
शुक्रवार को मंदिर के विस्थापन की प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश की गई थी। मौके पर क्रेन सहित अन्य संसाधन भी पहुंचाए गए, लेकिन प्रतिमा को हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। फिलहाल प्रतिमा को कैनोपी और टेंट के बीच सुरक्षित रखा गया है। आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है, जबकि निगम की टीम प्रतिमा की गहराई, संरचना और मौजूदा स्थिति का तकनीकी परीक्षण कर रही है।
विशेषज्ञों की राय के बाद होगा फैसला
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक प्रतिमा की स्थिति और संरचना को लेकर परीक्षण किया जा रहा है। तकनीकी रूप से संतुष्ट होने और संबंधित लोगों से चर्चा के बाद ही विस्थापन को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा का कहना है कि प्रक्रिया जल्दबाजी में नहीं की जाएगी और सभी पहलुओं को देखने के बाद ही आगे कदम उठाया जाएगा।

दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विस्थापन की चर्चा के बीच मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। रविवार सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। बैरिकेडिंग और टेंट के बावजूद लोगों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
मंदिर से जुड़े शैलेन्द्र यादव के अनुसार रोजाना आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। भक्तों और स्थानीय लोगों ने पोस्टर लगाकर प्रशासन से प्रतिमा के साथ किसी भी तरह की जबरदस्ती नहीं करने और विशेषज्ञों की मौजूदगी में तकनीकी परीक्षण के बाद ही फैसला लेने की मांग की है।
पुजारी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
इसी बीच मंदिर के पुजारी महेश बैरागी की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पाटीदार अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। बताया गया कि वे पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। पिछले कुछ दिनों से मंदिर के विस्थापन को लेकर चल रही गतिविधियों के कारण वे तनाव में भी थे। फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
