मोदी सरकार का बड़ा दांव : महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को कैबिनेट की मंजूरी, संसद के विशेष सत्र में मचेगा सियासी संग्राम

नई दिल्ली। महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े नए परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है। इतना ही नहीं सरकार अगले सप्ताह यानि 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश कर सकती है। सूत्रों की मानें तो मोदी सरकार की कोशिश इस विशेष सत्र में बिल को पास कराने की भी है।
बता दें कि केन्द्र सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को पत्र भेज दिया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण सरकारी कामकाज किया जाएगा, जबकि 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में इसी कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाएगा।
परिसीमन विधेयक में किए गए अहम बदलाव
इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े अहम बिल सदन में पेश किए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित परिसीमन विधेयक में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, ताकि परिसीमन की प्रक्रिया के बाद किसी भी राज्य का लोकसभा में प्रतिनिधित्व दूसरे राज्यों की तुलना में कम न हो। माना जा रहा है कि सरकार राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर उठने वाली चिंताओं को दूर करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, विधेयक का अंतिम स्वरूप और इसके प्रावधान सदन में पेश होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
रिजिजू ने सभी दलों से की सार्थक चर्चा की अपील
रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सांसदों से विशेष सत्र में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सहमत होना या उसके फैसलों का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि संसद में आने वाले विधेयकों पर खुलकर और गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। सांसद अपनी असहमति भी मजबूती से रख सकते हैं, लेकिन बहस का स्तर जिम्मेदार और सार्थक होना चाहिए।
शिवसेना शिंदे गुट ने जारी किया व्हिप
संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। इसमें सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। इससे साफ है कि विशेष सत्र के दौरान महत्वपूर्ण विधायी और राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
परिसीमन पर बीआरएस का सशर्त समर्थन
तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर सशर्त समर्थन के संकेत दिए हैं। पार्टी नेता रावुला श्रीधर ने कहा कि यदि केंद्र सरकार राज्यों के हितों और दक्षिण भारत की राजनीतिक हिस्सेदारी की रक्षा करती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन कर सकती है।
उन्होंने लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखने पर जोर दिया। उनका कहना है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को परिसीमन के कारण राजनीतिक नुकसान नहीं होना चाहिए।
कपिल सिब्बल ने भाजपा पर साधा निशाना
दूसरी ओर, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने परिसीमन को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत और सत्ता को मजबूत करना चाहती है। सिब्बल ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा हुआ तो लोकतंत्र का बचा हुआ हिस्सा भी कमजोर हो सकता है।
फिलहाल महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा संसद के विशेष सत्र से पहले ही सियासी टकराव का केंद्र बन गया है। अब सबकी नजरें सरकार के विधेयक और संसद में सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के रुख पर टिकी हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
