बुरहानपुर के केला उत्पादक किसानों को बड़ी सौगात, : सीएम ने 8 हजार से ज्यादा के खाते में डाले 107 करोड़, बोले- अन्नदाताओं के साथ खड़ी सरकार

बुरहानपुर । बुरहानपुर के केला उत्पादक किसानों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी हैं। उन्होंन जिले में मौसम की मार से प्रभावित केले की फसल के नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार ने 8 हजार 115 किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी आर्थिक मजबूती के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
सीएम ने कहा कि मई और जून में खराब मौसम के कारण बुरहानपुर नगर, ग्रामीण, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों में केले की फसल प्रभावित हुई थी। संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जब तक किसानों के चेहरे पर दोबारा मुस्कान नहीं लौटती, सरकार प्रयास करती रहेगी।
नई तकनीक और प्राकृतिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के तहत किसानों की समृद्धि, सम्मान और आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे नई तकनीकों को अपनाएं और प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा उद्यानिकी फसलों के माध्यम से अपनी आय में वृद्धि करें।
उन्होंने बताया कि किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए 16 विभागों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार की गई है। जिला स्तर पर आयोजित किए जा रहे बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
केले से बने उत्पादों ने बनाई देश-दुनिया में पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुरहानपुर अपनी उद्यानिकी फसलों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां के केले, हल्दी और कपास की अलग पहचान है। केले की फसल से अब केवल फल उत्पादन ही नहीं, बल्कि इसके रेशे से कपड़ा, सजावटी सामग्री और अन्य उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में केले के प्रसंस्करण को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से यहां तैयार उत्पाद देश और विदेशों तक पहुंच रहे हैं। इससे जिले के किसानों और स्थानीय कारीगरों को नई संभावनाएं मिल रही हैं।
कपास किसानों को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर और खंडवा क्षेत्र में कपास उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मंडी टैक्स को आधा किया गया है। इससे प्रदेश के कपास उत्पादक किसानों को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर के किसानों को धार स्थित पीएम मित्र पार्क का भी लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और निर्यात की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि हर खेत तक पानी पहुंचे और किसानों को बेहतर उत्पादन का अवसर मिले।
ग्वालियर में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्वालियर को टेलीकॉम सेक्टर के मैन्युफैक्चरिंग जोन के रूप में विकसित करने के लिए भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के बीच एमओयू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक अर्चना चिटनिस सहित बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
