बुधवार, 1 जुलाई 202607:05:03 PM
Download App
Home/देश

MP की हरित ऊर्जा क्रांति : सीएम मोहन ने 24 घंटे स्वच्छ बिजली देने किया ऐलान, दावा- मप्र का ट्रैक रिकॉर्ड सबसे बेहतर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 01, 2026
09:43 AM
सीएम मोहन ने  24 घंटे स्वच्छ बिजली देने किया ऐलान, दावा- मप्र का ट्रैक रिकॉर्ड सबसे बेहतर

भोपाल। मध्यप्रदेश अब स्वच्छ और सतत ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में 24 घंटे नवकरणीय (हरित) ऊर्जा उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत का ऐलान करते हुए इसे ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने दिल्ली में आयोजित प्री-बिड मीटिंग को वर्चुअली संबोधित करते हुए दावा किया दावोस में किए गए निवेश और विकास संबंधी वादों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।

सीएम ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से प्रदेश में चैबीसों घंटे स्वच्छ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे उद्योगों, कृषि और आम उपभोक्ताओं को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित प्री-बिड बैठक को वर्चुअल संबोधित करते हुए कही, जिसमें ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

मध्यप्रदेश का ट्रैक रिकॉर्ड सबसे बेहतर

मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना ने देश में सबसे कम सौर टैरिफ स्थापित कर भारत को वैश्विक पहचान दिलाई। शाजापुर-नीमच सोलर पार्कों ने 2.14 रूपए प्रति यूनिट का प्रदेश में सबसे कम टैरिफ अर्जित किया। हाल ही में मुरैना की 4 घंटे की स्टोरेज प्लस परियोजना के लिए 2.70 रूपए प्रति यूनिट पर पीपीए हुआ, यह देश की सबसे प्रतिस्पर्धी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं में से एक है।

मध्यप्रदेश है देश का सबसे निवेश मित्र राज्य

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को पारदर्शी नीतियाँ, त्वरित निर्णय और उत्कृष्ट अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने देश-विदेश के निवेशकों से मध्यप्रदेश की ऊर्जा क्रांति के सहभागी बनने का अनुरोध किया।

ऊर्जा में आत्मनिर्भरता है हमारा लक्ष्य

सीएम ने कहा कि केवल परियोजनाएं स्थापित करना नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाना राज्य सरकार का उद्देश्य है। सीएम ने विश्वास जताया कि रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना और सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयास से 24 घंटे नवकरणीय ऊर्जा परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा और हरित विकास की दिशा में ऐतिहासिक सिद्ध होगी। नई दिल्ली की प्री-बिड मीटिंग में टाटा पॉवर, रिलायंस एनर्जी, टोरेंट पॉवर, जिंदल रिन्युएबल, एन.टी.पी.सी., अडानी ग्रीन्स, हिन्दुस्तान पॉवर, महिंद्रा सिस्टम आदि के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें