स्वच्छता मित्रों का सम्मान: : CM मोहन ने उज्जैन के 3000 सफाई कर्मियों को दिए 5-5 हजार, बोले- सफाई वीर शहर की सेहत और सुंदरता के सच्चे प्रहरी

उज्जैन। स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर देश में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उज्जैन ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से उत्साहित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के सभी 54 वार्डों में कार्यरत 3 हजार स्वच्छता मित्रों को पांच-पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। इस तरह सफाई मित्रों को कुल डेढ़ करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। मंगलवार को उज्जैन के गीता भवन में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों को मंच से सम्मानित किया और उनकी मेहनत को शहर की सबसे बड़ी ताकत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के कुल 27 पुरस्कारों में से मध्यप्रदेश के 9 शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए हैं। यह उपलब्धि उन कर्मयोगियों की मेहनत का परिणाम है, जो प्रतिदिन बिना किसी अपेक्षा के शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे रहते हैं। मध्यप्रदेश अब देश का हृदय प्रदेश होने के साथ स्वच्छ प्रदेश भी बन गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से ही समृद्धि आती है और सफाई मित्र केवल कचरा साफ नहीं करते, बल्कि शहर की सेहत, सुंदरता, आकर्षण और सम्मान की रक्षा करते हैं।
देपालपुर 1700वें स्थान से पहुंचा पहले नंबर पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे स्वच्छ राज्यों में अग्रणी है। मालवांचल के शहर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इंदौर के साथ देपालपुर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पहले सर्वेक्षण में करीब 1700वें स्थान पर रहने वाला देपालपुर अब अपनी श्रेणी में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उज्जैन और देवास को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं। इसके अलावा चंबल क्षेत्र के ग्वालियर, महाकौशल के जबलपुर, विंध्य के रीवा और मध्य क्षेत्र के बुधनी ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
गीले कचरे से बिजली, फूलों से बन रही अगरबत्ती
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए कहा कि शहर में गीले कचरे का प्रसंस्करण कर बिजली तैयार की जा रही है। मंदिरों से निकलने वाले फूलों और पूजन सामग्री से स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बना रही हैं। सूखे कचरे को ईंधन के रूप में उपयोग किया जा रहा है। निर्माण और विध्वंस से निकलने वाले मलबे के प्रबंधन के लिए प्रतिदिन 75 टन क्षमता का प्रसंस्करण संयंत्र तथा नए कचरा हस्तांतरण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।
सफाई को बताया भगवान श्रीकृष्ण का संदेश
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को भारतीय संस्कृति और परंपरा से जोड़ते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी जूठी पत्तल उठाने जैसे कार्य को पुण्य और सेवा का प्रतीक बताया था। दीपावली पर महालक्ष्मी के साथ झाड़ू की पूजा और शीतला माता के हाथ में झाड़ू का होना भी स्वच्छता के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
