गोवर्धन पूजा : सीएम मोहन ने दिया प्रकृति और गोमाता के संरक्षण का संदेश, सिंहस्थ से पहले उज्जैन को मिलेगी 800 करोड़ की सौगात

उज्जैन। गोवर्धन पूजा के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने सनातन संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और गोपालन के महत्व पर जोर देते हुए प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उससे जुड़ने का पर्व है। यह किसानों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक भी है।
गोमाता के संरक्षण और गोपालन में सहभागिता की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय ऋषि परंपरा में गोमाता का विशेष महत्व रहा है। सनातन मान्यताओं के अनुसार गोमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। हजारों वर्षों से भारतीय संस्कृति और समाज का गोमाता से गहरा संबंध रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि गोमाता की पूजा के साथ उनके पालन-पोषण और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। प्रत्येक व्यक्ति को गोपालन व्यवस्था में किसी न किसी रूप में अपना योगदान देना चाहिए।
वाल्मीकि धाम के पास खुलेगा नया पुलिस थाना
वहीं सीएम ने मुख्यमंत्री ने उज्जैन के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि वाल्मीकि धाम परिसर के पास नया पुलिस थाना खोला जाएगा। इसके साथ ही उज्जैन में करीब 800 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इन परियोजनाओं में क्षिप्रा नदी के किनारे घाटों का निर्माण और सिंहस्थ क्षेत्र में सड़कों का विकास प्रमुख रूप से शामिल है। इन कार्यों से आगामी सिंहस्थ की तैयारियों को गति मिलेगी।
सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के लिए आवास बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने उज्जैन और सिंहस्थ क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सिंहस्थ में देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में स्थानीय नागरिक अपने घरों, खाली जमीनों और उपलब्ध स्थानों पर पक्के या कच्चे अतिथि निवास तैयार करें, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय सहभागिता से सिंहस्थ का आयोजन और अधिक भव्य एवं दिव्य बनाया जा सकता है। सरकार के साथ आम नागरिकों की भागीदारी इस धार्मिक आयोजन को नई ऊंचाई देगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
