मप्र को टेक निवेश का पसंदीदा गंतव्य बनाने की तैयारी : सीएम मोहन ने दिग्गज उद्योगपतियों के साथ की वन-टू-वन बैठक, दीर्घकालिक साझेदारी पर रहा जोर

भोपाल। राजधानी भोपाल में आयोजित ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0: जीसीसी में धन वर्षा हुई है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने दावा किया है कि कॉन्क्लेव में 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं सीएम ने मप्र में और निवेश के लिए देश और विदेश की दिग्गज टेक्निकल कंपनियों एवं उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक की। इस दौरान राज्य में निवेश बढ़ाने, नई परियोजनाओं को गति देने और दीर्घकालिक औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मप्र को टेक निवेश का पसंदीदा गंतव्य बनाने की तैयारी
कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश को आकर्षित करना है। राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश के सबसे भरोसेमंद और तेजी से विकसित हो रहे तकनीकी निवेश केंद्रों में शामिल करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियां, बेहतर बुनियादी ढांचा और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हैं, जो निवेशकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं।

एआई और डिजिटल इनोवेशन पर विशेष जोर
बैठक में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, अनुसंधान एवं विकास तथा डिजिटल तकनीकों से जुड़ी अपनी भावी योजनाओं की जानकारी साझा की। विशेष रूप से एनवीडिया के रणनीतिक एवं व्यवसाय निदेशक गणेश महाबाला के साथ मध्यप्रदेश में एआई आधारित तकनीकों और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके अलावा न्योबोल्ट लिमिटेड-एबीएआईडीसी के प्रतिनिधियों ने प्रदेश में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और डेटा सेंटर स्थापित करने से जुड़े प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए।
इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश की संभावनाएं
इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में आर्सेनल इन्फो सोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, फुजियामा पावर और ओसेल डिवाइसेज लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री के साथ निवेश और उत्पादन इकाइयों के विस्तार पर चर्चा की। इन कंपनियों ने मध्यप्रदेश में आधुनिक तकनीकी इकाइयों की स्थापना और रोजगार सृजन की संभावनाओं को रेखांकित किया।

डेटा सेंटर और तकनीकी अवसंरचना को मिलेगा बढ़ावा
सबमर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और जेएसएम डाटाक्रॉप प्राइवेट लिमिटेड ने प्रदेश में अत्याधुनिक डेटा सेंटर और तकनीकी अवसंरचना विकसित करने की योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। इन परियोजनाओं से प्रदेश में डिजिटल सेवाओं और आईटी आधारित उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
