मंगलवार, 14 जुलाई 202610:54:00 PM
Download App
Home/देश

मप्र में अब नशे के सौदागरों की खैर नहीं : जीरो टॉलरेंस के साथ मैदान में उतरी सरकार, सीएम हिदायत- कार्रवाई ऐसी हो की प्रदेश में बने मिसाल

admin

admin

Jul 14, 2026
02:51 PM
जीरो टॉलरेंस के साथ मैदान में उतरी सरकार, सीएम हिदायत- कार्रवाई ऐसी हो की प्रदेश में बने मिसाल

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को और आक्रामक बनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रवीन्द्र भवन में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए दो टूक शब्दों में कहा है कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को बर्बादी की ओर ले जाता है, इसलिए इसके अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्रवाई ऐसी हो, जो पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बने और नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नशा मुक्त मध्यप्रदेश बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता और कानून की सख्ती, दोनों के समन्वय से ही इस चुनौती का प्रभावी समाधान संभव है। सीएम ने कहा कि सरकार ने नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के 19 प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लागू किया है। उन्होंने बताया कि धार्मिक और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले रहा है। सरकार चाहती है कि समाज का प्रत्येक वर्ग नशा मुक्त वातावरण बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाए।

नक्सलवाद पर भी सरकार का दावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने तय समय से पहले नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब "लाल सलाम को आखिरी सलाम" कर दिया गया है। उन्होंने पुलिस विभाग की सराहना करते हुए कहा कि सरकार पदोन्नति सहित हर सकारात्मक कार्य में पुलिस बल के साथ मजबूती से खड़ी है।

युवाओं को नशे से बचाने पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रह सकती। इसके लिए युवाओं को समय रहते जागरूक करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, हेल्पलाइन, काउंसलिंग तथा पुनर्वास सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े चार-क्रेडिट पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।

15 से 30 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान

विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान एनसीसी, एनएसएस, खेल संगठन, व्यापारिक संस्थाएं, नागरिक समितियां और सामाजिक संगठन लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष चलाए गए अभियान को वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में स्थान मिला था और ब्रिटेन की संसद में भी मध्यप्रदेश पुलिस की इस पहल की सराहना की गई थी।

दुनिया में बढ़ रहा नशे का खतरा

विशेष पुलिस महानिदेशक ने बताया कि दुनिया में 33 करोड़ से अधिक लोग नशे की लत से प्रभावित हैं। इनमें 25 करोड़ से अधिक लोग गांजा और छह करोड़ से अधिक लोग अफीम से बने मादक पदार्थों का सेवन करते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती ड्रग तस्करी को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस एमडी ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें