ग्वालियर में यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026 का आगाज : ,CM मोहन बोले- युवा लक्ष्य पर फोकस करें और दुनिया से आगे निकलें, 26 राज्यों के 350 युवा 300 से अधिक विषयों पर करेंगे मंथन

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि युवा ही देश और समाज में बदलाव के सबसे बड़े वाहक हैं। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा तथा नवाचारी सोच देश की सबसे बड़ी पूंजी है। जरूरत है कि युवा अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहें, अपनी योग्यता बढ़ाएं और प्रतिस्पर्धा में दुनिया से आगे निकलने का संकल्प लें। शुक्रवार को ग्वालियर स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में तीन दिवसीय यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026 के आठवें संस्करण का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सही दिशा और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागृत होते हैं। यह अवसर नए विचारों और संकल्पों के साथ स्वयं जागने तथा समाज को जागृत करने का भी है। भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए युवाओं को अभी से तैयार होना होगा।
300 से अधिक विषयों पर होगा वैचारिक मंथन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 26 राज्यों से चयनित लगभग 350 युवा विद्वान, कलाकार, लेखक और उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन और समकालीन विषयों सहित 300 से अधिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पंजीयन और चयन प्रक्रिया से चुने गए युवाओं के विचार विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि भारत की विशेषता है कि यहां अलग-अलग विचारों और धारणाओं का स्वागत किया जाता है। विचारों की स्वतंत्रता हमारी सांस्कृतिक ताकत है।
अगले साल युवा वर्ष, सरकार देगी नए अवसर
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगले वर्ष को युवा वर्ष घोषित किया है। युवाओं की ऊर्जा, कौशल, हुनर, कार्यक्षमता और नवाचारी सोच का उपयोग मध्यप्रदेश के विकास में किया जाएगा। इसके लिए उन्हें हरसंभव अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। युवा वर्ष में युवाओं के कल्याण और विकास से जुड़े प्रयासों को योजनाबद्ध तरीके से और गति दी जाएगी।
योग दिवस से लेकर सोमनाथ तक भारतीय संस्कृति का प्रभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल भाव वसुधैव कुटुम्बकम है। हमारी परंपराएं पूरी दुनिया को जोड़ने का संदेश देती हैं। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता देना भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशी आक्रमणों के बावजूद मंदिर आज भी अपने वैभव के साथ खड़ा है। यह भारतीय सभ्यता की जीवंतता और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने उज्जैन की वैदिक कालगणना और सम्राट विक्रमादित्य की परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने प्राचीन कालगणना पर आधारित वैदिक घड़ी विकसित की है। आगामी सिंहस्थ महाकुंभ में श्रद्धालु इसके माध्यम से वैदिक पद्धति से समय जान सकेंगे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
