मंगलवार, 20 अक्टूबर 202610:32:26 PM
Download App
Home/देश

नौ वीरों की शहादत को सलाम : सीएम मोहन आज शहीदों को करेंगे नमन, लाल परेड ग्राउंड में हो राज्यस्तरीय कार्यक्रम

admin

admin

Oct 20, 2026
04:12 PM
सीएम मोहन आज शहीदों को करेंगे नमन, लाल परेड ग्राउंड में हो राज्यस्तरीय कार्यक्रम

भोपाल। देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों की वीरता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को मध्यप्रदेश 21 अक्टूबर को नमन करेगा। पुलिस स्मृति दिवस पर भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 8:30 बजे शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के उन 9 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के बलिदान को याद किया जाएगा, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण गंवाए।

डीजीपी सहित वरिष्ठ अधिकारी करेंगे नमन

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। परेड में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल की महिला और पुरुष टुकड़ियां, होमगार्ड, कलर पार्टी, पाल-बेयरर पार्टी, पुलिस बैंड, अश्वारोही दल और श्वान दल शामिल होंगे। पुलिस बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच शहीदों को सम्मान दिया जाएगा।

हॉट स्प्रिंग्स की शहादत से जुड़ा है दिवस

पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन पुलिसकर्मियों के साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

प्रदेश के इन 9 शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के शहीद अधिकारी-कर्मचारियों में निरीक्षक आशीष शर्मा, उप निरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उप निरीक्षक मदनलाल निनामा, प्रधान आरक्षक परिमाल सिंह तोमर, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश भवेदी, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक सर्जन सिंह भील, महिला आरक्षक आरती पाल, आरक्षक महेश प्रसाद पाठक और आरक्षक विकास चतुर्वेदी शामिल हैं। पुलिस स्मृति दिवस पर इनके सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें