गुरुवार, 26 नवंबर 202608:17:51 PM
Download App
Home/देश

चार-पांच पीढ़ियों ने संविधान के साथ किया खिलवाड़ : सीएम मोहन का गांधी परिवार पर तीखा वार, आपातकाल से राहुल गांधी के बिल फाड़ने तक घेरा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 26, 2026
08:30 AM
सीएम मोहन का गांधी परिवार पर तीखा वार, आपातकाल से राहुल गांधी के बिल फाड़ने तक घेरा

भोपाल। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान दिवस उत्सव-2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया। भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने की। वहीं कार्यक्रम में संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गान के साथ हुआ। इसके बाद सीएम डाॅ. यादव और स्पीकर तोमर ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। साथ ही संविधान निर्माण में उनके योगदान को भी याद किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान कोई सामान्य दस्तावेज नहीं, बल्कि हजारों साल तक देश को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण ग्रंथ है। भारत ने संविधान प्राप्त करने के लिए लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान देश की संवैधानिक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न करने का प्रयास किया गया और न्यायपालिका की शक्तियों को सीमित किया गया।

कांग्रेस-गांधी परिवार पर तीखा हमला

इस मौके पर सीएम ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हजारों साल तक देश को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके निर्माण और स्थापना के पीछे करीब एक हजार साल का लंबा संघर्ष रहा है, लेकिन कुछ राजनीतिक परिवारों ने बार-बार इसकी मूल भावना के साथ खिलवाड़ किया।

आपाताल को दौरान संविधान को कर दिया गया था छिन्न-भिन्न

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान देश की संवैधानिक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न कर दिया गया था। उस समय न्यायपालिका की ताकत को सीमित करने का प्रयास हुआ और संविधान की आत्मा को चोट पहुंचाई गई। उन्होंने राजीव गांधी के कार्यकाल के चर्चित शाहबानो प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए।

संविधान का सम्मान केवल शब्दों में नहीं

सीएम मोहन ने मनमोहन सिंह सरकार के दौरान एक विधेयक को युवा नेता राहुल गांधी द्वारा सार्वजनिक रूप से फाड़े जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि चार-पांच पीढ़ियों ने संविधान के साथ खिलवाड़ किया है। मुख्यमंत्री ने इंडिया शब्द को लेकर मध्यप्रदेश में जताई गई आपत्ति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद भारत नाम की अनुशंसा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने से होता है।

संविधान पाकर गौरव का अनुभव करते हैं देशवासीः तोमर

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत का संविधान अत्यंत व्यापक और महत्वपूर्ण है। इसे प्राप्त करना देशवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की जानकारी पहले बहुत कम लोगों को थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिन के महत्व की ओर देश का ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने संविधान रूपी ऐसा महान ग्रंथ देश को सौंपा है, जो लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान करता है। प्रत्येक नागरिक को इसके मूल्यों और आदर्शों को समझना चाहिए।

कैलाश विजयवर्गीय बोले- गरीब मजबूत होगा, तभी ताकतवर बनेगा भारत

संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब और कमजोर वर्ग को मजबूत बनाना है। देश की 50 प्रतिशत आबादी कमजोर रहेगी तो भारत कभी पूरी ताकत के साथ आगे नहीं बढ़ सकता।

उन्होंने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले केंद्र से एक रुपया भेजा जाता था तो लाभार्थी तक केवल 15 पैसे पहुंचते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस व्यवस्था को पूरी तरह बदलने का काम किया है।

आपातकाल में संविधान की आत्मा की हुई हत्या : विजयवर्गीय

विजयवर्गीय ने कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान की आत्मा को चोट पहुंचाई गई थी। उन्होंने दो संविधान और दो निशान की व्यवस्था को भी संवैधानिक भावना के विपरीत बताया। उनके अनुसार, आपातकाल के बाद जनता ने लोकतांत्रिक ताकत का परिचय देते हुए सत्ता परिवर्तन कर दिया।

उन्होंने कहा कि संविधान विपक्ष को असहमति व्यक्त करने का पूरा अधिकार देता है, लेकिन असहमति अराजकता का रूप लेकर सड़कों पर नहीं उतरनी चाहिए। विपक्ष को अपनी बात रखने के साथ संवाद भी करना चाहिए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपनी कमियों पर आत्मचिंतन करने और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने की अपील की। कार्यक्रम में संविधान के मूल्यों, सामाजिक समानता, गरीबों के सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का संदेश दिया गया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें