दतिया उपचुनाव का पारा हाई : मां पीतांबरा मंदिर में माथा टेक कांग्रेस प्रत्याशी ने भरा पर्चा, घनश्याम सिंह के साथ मौजूद रहे पार्टी के दिग्गज, पर नहीं दिखे जीतू

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव का सियासी संग्राम तेज हो गया है। भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपनी-अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान कांग्रेस ने एकजुटता का भी संदेश दिया। घनश्याम सिंह के नाॅमिनेशन फाइल के दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और फूल सिंह बरैया के अलावा पार्टी के दिग्गज मौजूद रहे। हैरान करने वाली बात यह रही की कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने के बाद पीसीसी जीतू पटवारी दिखाई नहीं दिए।
बता दें कि दतिया उपचुनाव को कांग्रेस प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रही है। यही वजह है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और चुनाव प्रचार को धार देने में जुटे हैं। नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी कुंअर घनश्याम सिंह ने चुनावी अभियान की शुरुआत प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पीतांबरा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने मां पीतांबरा मंदिर में माथा टेकर जीत का आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर में उन्होंने समर्थकों के साथ मत्था टेका और जीत का आशीर्वाद लिया। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि चुनावी अभियान की शुरुआत धार्मिक आस्था के साथ करना शुभ संकेत है।
जनता के समर्थन से जीत का भरोसा
मंदिर दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और उन्हें हर वर्ग का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इस उपचुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज करेगी और जनता का विश्वास पार्टी के पक्ष में दिखाई देगा।
दिग्गज नेताओं ने बढ़ाया हौसला
कांग्रेस प्रत्याशी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और वरिष्ठ नेता अजय सिंह (राहुल भैया) भी मां पीतांबरा मंदिर पहुंचे। दोनों नेताओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर पार्टी की सफलता और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। मंदिर में उनकी मौजूदगी को कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
