दतिया उपचुनाव में 71.44% मतदान, : कांग्रेस ने फर्जी वोटिंग की शिकायत की, भाजपा बोली- हार की आशंका से लगाए जा रहे आरोप, 3 अगस्त को खुलेगा सियासी पिटारा

ग्वालियर। दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार को 11 घंटे तक चले मतदान में 71.44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में कुछ कम रहा। चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया। अब सभी की निगाहें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।
तकनीकी खराबी और बारिश के बीच जारी रहा मतदान
उपचुनाव के लिए कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता पंजीकृत थे। मतदान शुरू होने से पहले तीन केंद्रों पर वीवीपैट, बैलेटिंग यूनिट और कंट्रोल यूनिट में तकनीकी खराबी आई थी, लेकिन अधिकारियों ने तत्काल सुधार कर मतदान शुरू करा दिया।
बसई के लखनपुर गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुरुआती दौर में मतदान का बहिष्कार किया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीण मतदान के लिए पहुंचे। वहीं, लगातार बारिश के कारण कुछ मतदान केंद्रों पर जलभराव की समस्या भी सामने आई। अब 3 अगस्त को होने वाली मतगणना से तय होगा कि दतिया की जनता ने सत्ता पक्ष पर भरोसा जताया है या विपक्ष को मौका दिया है।
कांग्रेस- भाजपा के बीच सीधा मुकाबला
उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह और भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के बीच सीधा मुकाबला है। मतदान के दौरान कांग्रेस ने सिरोल और जिगना मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए इसे हार की आशंका से उपजी निराशा बताया। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में स्थिति कमजोर होने पर इस तरह के आरोप लगाती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को जनता का समर्थन मिल रहा है।
2023 में हुआ था 80.2 प्रतिशत मतदान
दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक से जुड़े धोखाधड़ी मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 80.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। उस चुनाव में राजेंद्र भारती ने भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 मतों से हराया था।
रामसागर मतदान केंद्र पर हुआ विवाद
मतदान के दौरान रामसागर गांव के एक मतदान केंद्र पर विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि पुलिस कांग्रेस के एक पोलिंग एजेंट को अपने साथ थाने ले गई। इस दौरान वीडियो बनाने का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं को भी रोका गया। बाद में कांग्रेस नेताओं के थाने पहुंचने के बाद पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
