मंगलवार, 14 जुलाई 202609:38:17 PM
Download App
Home/देश

शिक्षा और युवाओं को लेकर मप्र में नई शियासत : पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का साइक्लोथाॅन, जीतू भी हुए साइकिल पर सवार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 14, 2026
07:58 AM
पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का साइक्लोथाॅन, जीतू भी हुए साइकिल पर सवार

इंदौर। मध्यप्रदेश में शिक्षा और युवाओं को लेकर नई शियासत शुरू हो गई है। दरअसल शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर मप्र कांग्रेस ने मंगलवार से दो दिवसीय साइक्लोथाॅन यात्रा की शुरुआत की है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने इंदौर से साइक्लोथाॅन को हरी झंडी दिखाकर भोपाल के लिए रवाना किया। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वयं साइकिल चलाकर यात्रा की अगुवाई की। यह अभियान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है। यात्रा उद्देश्य युवाओं और अभिभावकों तक पहुंचकर शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

साइकिल यात्रा की शुरुआत मंगलवार सुबह इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के समीप आरएनटी मार्ग से हुई। सैकड़ों कार्यकर्ताओं, छात्रों और साइकिल सवारों के साथ रवाना हुए पटवारी ने यात्रा शुरू करने से पहले भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोजगारी को लेकर तीखा हमला बोला। पटवारी ने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के छात्रों और देश के भविष्य को बचाने का संकल्प है। उनका कहना था कि 25 साल की भाजपा सरकार में मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था लगातार बदहाल हुई है और युवा अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों के भरोसे को किया कमजार

पटवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उनके अनुसार, नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में सामने आए कथित घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और युवाओं की आवाज को मजबूती देने का प्रयास कर रही है। जीतू ने कहा कि प्रदेश और देश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि केजी से पीजी तक शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क की जाए, ताकि आर्थिक स्थिति किसी भी छात्र की पढ़ाई में बाधा न बने।

रास्ते में बढ़ता जाएगा कारवां

यात्रा के दौरान इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिलों से बड़ी संख्या में लोग साइक्लोथॉन से जुड़ेंगे। कांग्रेस के अनुसार, प्रत्येक जिले से करीब 500 साइकिल यात्री शामिल होंगे। इस तरह भोपाल पहुंचते-पहुंचते दो हजार से अधिक प्रतिभागियों का कारवां तैयार होने की उम्मीद है। यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा कई साइकिलिंग समूह, फिटनेस क्लबों के सदस्य और युवा भी भाग ले रहे हैं।

पहले दिन यात्रा का समापन सीहोर जिले के आष्टा में होगा, जहां सभी प्रतिभागी रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 15 जुलाई को कोठरी क्षेत्र से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा और भोपाल में इसका समापन किया जाएगा।

शिक्षा और रोजगार को बनाया अभियान का केंद्र

कांग्रेस का कहना है कि यह साइक्लोथॉन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। पार्टी को उम्मीद है कि इस अभियान के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों के बीच संवाद बढ़ेगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को व्यापक समर्थन मिलेगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें