शुक्रवार, 20 नवंबर 202608:47:53 PM
Download App
Home/देश

सवाल जो कोई नहीं पूंछता : "देवउठनी एकादशी"- देवता तो जाग गए, समाज कब जागेगा ?

admin

admin

Nov 20, 2026
07:29 AM
"देवउठनी एकादशी"- देवता तो जाग गए, समाज कब जागेगा ?

- UMEESH GUPTA

“उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत।”

कठोपनिषद्, 1.3.14

अर्थात्, उठो, जागो और श्रेष्ठ ज्ञान प्राप्त करो।

भारतीय संस्कृति में त्योहार और पर्व केवल तिथि विशेष पर मनाए जाने वाले आयोजन नहीं हैं। इनके भीतर जीवन-दर्शन, परंपरा और सामाजिक संदेश भी छिपे होते हैं। "देवउठनी एकादशी" भी ऐसा ही एक पर्व है, जो हमें जागरण का प्रतीकात्मक संदेश देता है। लेकिन आज के परिप्रेक्ष में सवाल यह उठता है कि क्या यह जागरण केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित है, या हमारे जीवन और व्यवहार में भी इसका कोई अर्थ है ?

"सामान्य वैष्णव धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इन दोनों तिथियों के बीच की चार महीने की अवधि को "चातुर्मास" कहा जाता है। इस दौरान अनेक श्रद्धालु व्रत, उपवास, संयम, जप, तप और साधना का पालन करते हैं। परंपरागत रूप से कई समुदायों में इस अवधि में विवाह और अन्य मांगलिक आयोजन स्थगित रखे जाते हैं।

चातुर्मास की इस परंपरा के पीछे धार्मिक मान्यता के साथ वर्षा ऋतु में यात्रा और सामाजिक आयोजनों को सीमित रखने जैसी ऐतिहासिक व्यावहारिक परिस्थितियों की पृष्ठभूमि भी मानी जाती है। कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान के जागरण के साथ चातुर्मास के समापन और मांगलिक गतिविधियों के पुनः आरंभ का प्रतीक माना जाता है। इस परंपरा का मूल भाव केवल उत्सवों की वापसी नहीं, बल्कि संयम और साधना के बाद जीवन में नई शुरुआत का संदेश भी है।"

लेकिन चार महीने के संयम और साधना का पर्व मनाने वाले समाज से यह सवाल भी तो पूछा जाना लाज़मी है कि क्या इस साधना का कोई अंश हमारे व्यवहार में उतरता है, या चातुर्मास समाप्त होते ही हम पुराने आचरण में लौट जाते हैं ?

विवाह- प्रतिष्ठा की प्रतियोगिता या दो आत्माओं का मिलन ?

देवउठनी एकादशी के बाद विवाह का मौसम शुरू होता है। घरों में शहनाइयों की तैयारी होती है, बाजार सजते हैं, खरीदारी बढ़ती है और परिवार उत्सव की योजनाओं में जुट जाते हैं। विवाह दो व्यक्तियों के जीवन की नई शुरुआत है, लेकिन हमारे समाज में कई बार यह शुरुआत रिश्ते से अधिक प्रदर्शन का आयोजन बन जाती है। विवाह की खुशी प्रतिष्ठा की प्रतियोगिता में बदल जाती है। कौन कितना खर्च कर सकता है, किसने कितने मेहमान बुलाए, किसने कितने महंगे उपहार दिए, इन सवालों के बीच विवाह का वास्तविक उद्देश्य कहीं पीछे छूट जाता है।

दहेज आज भी समाज में मौजूद है, बस उसका नाम और प्रस्तुति बदल गई है। कहीं उसे उपहार कहा जाता है, कहीं बेटी को दिया जाने वाला सामान और कहीं परिवार की प्रतिष्ठा। सवाल यह है कि यदि कोई मांग नहीं है तो फिर बेटी के परिवार पर अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च करने का दबाव क्यों है ? बेटी को विदा करते समय उसे आशीर्वाद और आत्मविश्वास देने के बजाय परिवार कर्ज और आर्थिक चिंता लेकर क्यों लौटता है ? क्या यह वही समाज है जो कन्या को देवी का स्वरूप मानकर पूजता है ?

विवाह के लिए शुभ मुहूर्त खोजने में हम कोई कसर नहीं छोड़ते। कुंडली मिलाई जाती है, ग्रह-नक्षत्र देखे जाते हैं, गुणों का हिसाब लगाया जाता है। यह सब किसी की निजी आस्था का विषय हो सकता है, लेकिन क्या विवाह से पहले दो व्यक्तियों के विचार, स्वभाव, आपसी सम्मान, सहमति और जीवन के प्रति दृष्टिकोण को समझने का उतना ही प्रयास किया जाता है ? कुंडली में गुण कम हों तो चिंता बढ़ जाती है, लेकिन व्यक्ति के चरित्र में दोष हों तो कई बार परिवार समझौता कर लेता है। मुहूर्त की शुद्धता पर जोर रहता है, मगर रिश्ते में सम्मान और विश्वास की शुद्धता पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता। यही हमारे सामाजिक जागरण की सबसे बड़ी विडंबना है।

आस्था और आचरण का अंतर्विरोध-

नवरात्रि में हम नौ दिनों तक शक्ति की आराधना करते हैं। कन्या पूजन करते हैं, देवी के सामने सिर झुकाते हैं और स्त्री को शक्ति का स्वरूप बताते हैं। लेकिन उसी समाज में बेटियों की शिक्षा, उनकी स्वतंत्रता, संपत्ति में अधिकार, विवाह के निर्णय और कार्यस्थल पर सम्मान को लेकर आज भी अनेक पूर्वाग्रह मौजूद हैं। पूजा के मंच पर स्त्री शक्ति है, लेकिन कई घरों में उसे निर्णय लेने का अधिकार तक सहजता से नहीं मिलता। देवी के सामने झुकने वाला सिर घर की महिला के आत्मसम्मान के सामने क्यों नहीं झुक पाता ?

धार्मिक आस्था का वास्तविक मूल्य केवल इस बात से नहीं तय होता कि हमने कितने व्रत रखे, कितने मंदिरों में दर्शन किए या कितने अनुष्ठान किए। उसका मूल्य इस बात से भी तय होना चाहिए कि हमारे व्यवहार में कितनी करुणा, ईमानदारी और न्याय है। मंदिर में दीप जलाना अच्छी बात है, लेकिन किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद का दीप जलाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। भगवान के सामने हाथ जोड़ना हमारी श्रद्धा है, लेकिन किसी कमजोर व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करना हमारा सामाजिक दायित्व है।

आज भी जाति के नाम पर भेदभाव होता है, गरीब और कमजोर को न्याय पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है, भ्रष्टाचार सामान्य व्यवस्था का हिस्सा बनता जा रहा है और सार्वजनिक जीवन में नैतिकता की बातें करने वाले लोग निजी हितों के सामने उन्हीं मूल्यों को भूल जाते हैं। धार्मिक आयोजनों में एकता और सद्भाव के संदेश दिए जाते हैं, लेकिन समाज के वास्तविक जीवन में ऊंच-नीच, नफरत और विभाजन की दीवारें कायम रहती हैं। हम उत्सवों में रोशनी करते हैं, लेकिन अपने भीतर के अंधेरे को देखने से बचते हैं। "हम धार्मिक कैलेंडर की हर तिथि याद रखते हैं, लेकिन अपने कर्तव्यों की तारीख अक्सर भूल जाते हैं।"

राष्ट्रीय चेतना और सुधार की दिशा-

"हमें यह तो याद रहता है कि भगवान कब सोए और कब जागे, लेकिन यह याद नहीं रहता कि हमारी संवेदनाएं, हमारा विवेक और हमारी सामाजिक जिम्मेदारियां कब से सोई हुई हैं।"

देवउठनी एकादशी का संदेश केवल इतना नहीं है कि अब विवाह और मांगलिक कार्य शुरू किए जा सकते हैं। इसे आत्ममंथन के अवसर के रूप में भी देखा जाना चाहिए। यदि चातुर्मास संयम, साधना और आत्मानुशासन का समय है, तो उसके बाद का जीवन उन मूल्यों को व्यवहार में उतारने का अवसर होना चाहिए। धर्म का अर्थ केवल परंपराओं का निर्वाह नहीं, बल्कि अपने आचरण को बेहतर बनाना भी है।

समाज को आज किसी नए धार्मिक आयोजन से अधिक अपने पुराने नैतिक मूल्यों के पुनर्जागरण की आवश्यकता है। इस बदलाव को राष्ट्रीय स्तर पर गति देने के लिए कुछ ठोस कदमों पर विचार करना होगा:

  • सामूहिक विवाह आंदोलनों को प्रोत्साहन: समाज के प्रबुद्ध वर्ग, युवाओं और सामाजिक संगठनों को मिलकर सादे और खर्चीले विवाहों को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि प्रदर्शन और दहेज संस्कृति पर लगाम लग सके।

  • पारिवारिक संवाद और साक्षरता: विवाह केवल दो परिवारों का वित्तीय प्रदर्शन न बनकर, दो स्वतंत्र व्यक्तियों के बीच वैचारिक सामंजस्य और आपसी सम्मान का आधार बने, इसकी शिक्षा हमें युवा पीढ़ी को देनी होगी।

  • नैतिक शिक्षा का पुनरुद्धार: विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के स्तर पर केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, लैंगिक समानता, कर्तव्यबोध और सामाजिक न्याय जैसे नैतिक मूल्यों को पाठ्यक्रम का मुख्य हिस्सा बनाना होगा।

  • रूढ़िवादिता के विरुद्ध युवा गोलबंदी: आज की युवा पीढ़ी को यह संकल्प लेना होगा कि वे परंपराओं के सकारात्मक और वैज्ञानिक पक्षों को अपनाएंगे, लेकिन कुप्रथाओं (जैसे दहेज, दिखावा और असमानता) का डटकर विरोध करेंगे।

हमें ऐसे जागरण की जरूरत है, जिसमें बेटी को बोझ नहीं, बराबरी का अधिकार मिले; विवाह प्रदर्शन नहीं, दो व्यक्तियों की साझेदारी बने; धर्म विभाजन नहीं, संवेदना का आधार बने; और आस्था केवल शब्दों में नहीं, हमारे कर्मों में दिखाई दे।

इसलिए देवउठनी एकादशी पर सवाल भगवान के जागने का नहीं, हमारे जागने का है। देवता तो जाग गए, लेकिन क्या हमारा विवेक जागा ? क्या हमारी संवेदनाएं जागीं ? क्या हमारी सामाजिक जिम्मेदारियां जागीं ?

क्योंकि जिस समाज में मंदिरों के दीप तो रोशन हों, लेकिन मनुष्य का विवेक अंधेरे में रहे, वहां वास्तविक जागरण अभी बाकी है।

“भगवान के जागने का उत्सव मनाना हमारी आस्था है, लेकिन अपने भीतर सोई हुई इंसानियत को जगाना हमारा धर्म है।”

लेखक TV 27 News में 'कंसल्टिंग एडिटर एवं वाइस प्रेसिडेंट" एवं " मीडिया प्रबंधन" में PhD शोधार्थी हैं

यह भी पढ़े...

सवाल जो कोई नहीं पूछता : "सुख-सुविधाओं के उजालों में रिश्तों का अंधेरा: एक वैचारिक मंथन"

सवाल जो कोई नहीं पूछता : चांद, करवाचौथ और बंद कमरों में रिश्तों का हिसाब!

सवाल जो कोई नहीं पूंछता : आजादी के 79 साल बाद, गांधी और शास्त्री क्यों जरूरी हैं?

सवाल जो कोई नहीं पूछता : 99% अंक लेकर भी नौकरी नहीं… आखिर हमारी मेरिट किस काम की?

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें