रविवार, 13 सितंबर 202604:42:21 AM
Download App
Home/देश

सागर जहरीली शराब कांड पर सियासी बवाल : दिग्गी ने सरकार को लिया निशाने पर, कहा- राजनीतिक-प्रशासनिक संरक्षण की हो जांच

admin

admin

Sep 12, 2026
07:22 AM
दिग्गी ने सरकार को लिया निशाने पर, कहा- राजनीतिक-प्रशासनिक संरक्षण की हो जांच

भोपाल। सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों पर सियासत जारी है। कांग्रेस के छोटे से लेकर बड़े नेता तक सरकार पर हमलावर हैं। इसी क्रम में मप्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने सरकार को अपने निशाने पर लिया है। पीड़ित परिवारों से मिलने बंडा जा रहे दिग्विजय सिंह ने छतरपुर में मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि अवैध शराब का कारोबार केवल स्थानीय स्तर पर सक्रिय लोगों के दम पर नहीं चल सकता, बल्कि इसके पीछे राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण की भी जांच होनी चाहिए।

जहरीली शराब से मौतों पर उठाए बड़े सवाल

दिग्विजय सिंह ने कहा कि बंडा की घटना को सिर्फ जहरीली शराब पीने से हुई मौतों तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने पूरे अवैध शराब नेटवर्क की तह तक जाने और उसके संचालन से जुड़े लोगों की पहचान करने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि स्थानीय राजनीतिक प्रभाव, पुलिस और प्रशासन की कथित मिलीभगत के बिना लंबे समय तक इस तरह का अवैध कारोबार चलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि जांच का दायरा केवल शराब बनाने या बेचने वालों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

सागर एसपी की भूमिका पर भी साधा निशाना

दिग्विजय सिंह ने सागर एसी की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि जिस अधिकारी के कार्यकाल में मुरैना में जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था, वही अधिकारी अब सागर में पदस्थ हैं और उनके कार्यकाल में फिर इसी तरह की घटना सामने आई है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच से यह स्पष्ट होना चाहिए कि अवैध शराब के कारोबार को आखिर किस स्तर से संरक्षण मिल रहा था।

सड़कों के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा

छतरपुर में खराब सड़कों को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन और भाजपा विधायक ललिता यादव के आरोपों पर भी दिग्विजय सिंह ने जवाब दिया। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का बचाव करते हुए कहा कि उस समय मुख्य समस्या राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति को लेकर थी।

दिग्विजय सिंह के मुताबिक, तत्कालीन केंद्र सरकार से पर्याप्त फंड नहीं मिलने के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति प्रभावित हुई थी, जबकि राज्य और जिला स्तर की सड़कों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर थी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें