पंजाब चुनाव से पहले आप की बढ़ीं मुश्किलें : मोगा विधायक के ठिकानों पर ईडी की दबिश, कार्रवाई के खिलाफ सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव पहले में आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर जहां पार्टी के विधायक लगातार इस्तीफा दे रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर जांच एजेंसियों की भी आप नेताओं पर पैनी नजर है। इसी क्रम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को मोगा से विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर दबिश दी है। ईडी की टीम सुबह ही विधायक के घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हालांकि, यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है और विधायक के खिलाफ क्या आरोप हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई।
सुबह-सुबह पहुंची ईडी की टीम, दो घरों पर तलाशी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ईडी के अधिकारियों ने मोगा स्थित विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के दो ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान किसी दस्तावेज, नकदी या अन्य सामान की जब्ती हुई है या नहीं, इस बारे में भी ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
छापेमारी के खिलाफ आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
ईडी की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता विधायक के आवास के बाहर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने जांच एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छापेमारी पर सवाल उठाए। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
आप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा के इशारे पर की जा रही है। उनका दावा है कि विधायक पर भाजपा या शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने का दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
2027 चुनाव से पहले मिली थी दोबारा उम्मीदवारी
अमनदीप कौर अरोड़ा मोगा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक हैं। वह पंजाब में पार्टी की महिला विंग की प्रमुख भी हैं। खास बात यह है कि पार्टी ने उन्हें 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए इसी क्षेत्र से दोबारा उम्मीदवार घोषित किया है। 31 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें उनका नाम भी शामिल था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
