शरद पवार की सेहत में सुधार : दो दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी, दर्द और खांसी की शिकायत के बाद कराया था भर्ती

पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के चीफ और सीनियर नेता शरद पवार की सेहत से जुड़ी राहतभरी खबर आई है। उनकी सेहत में सुधार होने के बाद पवार को बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि एनसीपी चीफ को दर्द और खांसी की शिकायत के बाद दो दिन पहले पुणे के रूबी हाॅल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति में सुधार होने के बाद डाॅक्टरों ने अस्पताल से उनकी छुट्टी कर दी। उनके अस्पताल से डिस्चार्ज होने की जानकारी अस्पताल प्रशासन और उनकी बेटी सुप्रिया सुले ने साझा की।
सुप्रिया सुले बोलीं- बाबा अब काफी बेहतर हैं
शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पिता की सेहत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि बाबा अब काफी बेहतर हैं और परिवार मुंबई के लिए रवाना हो रहा है। सुले ने रूबी हॉल क्लिनिक के डॉक्टरों और पूरी मेडिकल टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने उनके पिता की अच्छी देखभाल की। साथ ही उन्होंने शरद पवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
खांसी और सीने में दर्द के बाद हुए थे भर्ती
शरद पवार को सोमवार को खांसी और सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि वह राज्य के सूखा प्रभावित ग्रामीण इलाकों के दौरे पर थे। इस दौरान वह किसानों से मिलकर पानी की कमी, फसलों को हुए नुकसान और खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ले रहे थे।
इसी बीच उन्हें बेचैनी महसूस हुई और खांसने तथा सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उनका दौरा बीच में रोककर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में हुआ इलाज
रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज के. ग्रांट की देखरेख में शरद पवार का इलाज किया गया। डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा। दो दिन के उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ और सभी जरूरी चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
