टीएमसी सांसद के ठिकानों पर ईडी की रेड : ‘अखबार-ए-मशरिक’ से जुड़े वित्तीय लेन-देन पर एक्शन, कोलकाता से दिल्ली तक छापेमारी

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नदीमुल हल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी ने करीब 7 ठिकानों पर एक साथ रेड की है। इसमें कोलकाता, दिल्ली और रांची के ठिकाने शामिल हैं। बताया जा रहा है नदीमुल पर यह एक्शन उर्दू अखबार ‘अखबार-ए-मशरिक’ से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपों की जांच के सिलसिले में की गई है।
बता दें कि नदीमुल हक पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और उस कंपनी के निदेशक भी बताए जाते हैं, जो ‘अखबार-ए-मशरिक’ का प्रकाशन करती है। उनके अखबार से जुड़े ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। ईडी की कार्रवाई का केंद्र ‘अखबार-ए-मशरिक’ से जुड़े परिसर और उससे संबंधित ठिकाने बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच में कथित तौर पर ऐसी सामग्री के प्रकाशन और प्रसार के आरोपों को भी देखा जा रहा है, जिससे सांप्रदायिक तनाव बढ़ सकता था।
इसके अलावा एजेंसी कथित तौर पर बिना हिसाब-किताब वाले नकद लेन-देन और संदिग्ध स्रोतों से प्राप्त फंडिंग की भी पड़ताल कर रही है। तलाशी के दौरान दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े अन्य कागजात की जांच की जा रही है।
टीएमसी नेताओं पर कार्रवाई से बढ़ी सियासी गर्मी
नदीमुल हक से जुड़े परिसरों पर छापेमारी ऐसे समय हुई है, जब पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं और मामलों को लेकर राजनीतिक और जांच एजेंसियों की गतिविधियां तेज हैं। ईडी की ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर राज्य में सत्तारूढ़ दल और केंद्रीय जांच एजेंसियों के बीच टकराव को चर्चा में ला दिया है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि तलाशी में जांच एजेंसी को क्या दस्तावेज या वित्तीय सुराग मिलते हैं और आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
