सोमवार, 9 नवंबर 202604:01:56 PM
Download App
Home/देश

दिवाली पर अपनों के बीच पहुंचे मोहन : गलियों में घूम-घूम कर दी दीपोत्सव की शुभकामनाएं, दिव्यांग दंपत्ति की जानी कुशलक्षेम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 09, 2026
06:28 AM
गलियों में घूम-घूम कर दी दीपोत्सव की शुभकामनाएं, दिव्यांग दंपत्ति की जानी कुशलक्षेम

उज्जैन। दीपावली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार रात उज्जैन के नगर भ्रमण पर निकले। उन्होंने कई इलाकों का दौरा कर आम जनता से मुलाकात की और उन्हें दीपोत्सव की शुभकामनाएं दी। सीएम ने फ्रीगंज, शहीद पार्क, टावर चैक, तंबाकू बाजार, संदीपनी चैराहा और माता मंदिर चैराहा सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण किया।

मुख्यमंत्री का आत्मीय अंदाज देखकर शहरवासियों में खासा उत्साह नजर आया। कहीं फूलों की वर्षा हुई तो कहीं लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों को मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। नगर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के बीच भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों को दुलार किया और स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों को मिठाई खिलाई तो लोगों ने भी उन्हें मिठाई खिलाकर दीपावली की बधाई दी।

दिव्यांग दंपति से की आत्मीय मुलाकात, गन्ने का रस भी पिया

फ्रीगंज क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग प्रजापति दंपति से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उन्हें मिठाई भेंट की। इसके बाद वे एक गन्ने के रस की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने गन्ने का रस पिया और दुकानदार मोहन तथा ललित भाटी को रस की कीमत भी चुकाई। भ्रमण के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने भी मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।

गुरुद्वारे में टेका मत्था, गुरुजी की महिमा का किया बखान

मुख्यमंत्री स्थानीय सिख गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में गुरुजी की महिमा का वर्णन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

अस्पताल में व्यवस्थाएं देखीं, स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान

नगर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव हृदय अस्पताल भी पहुंचे और वहां चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली की मिठाई और उपहार भी भेंट किए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें