कर्नाटक में एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले : फ्रिज में धमाके के बाद भड़की भीषण आग, दो गंभीर रूप से झुलसे

बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी शहर में सोमवार देर रात एक दर्दनाह हादसा हो गया है। यहां के चवहत गली इलाके में गणेश चतुर्थी के मौके पर एक घर में अचानक भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोग जिंदा जल गए हैं। वहीं दो सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में गजानन डमोने, रोशन डमोने, शारदा डमोने और भारती राडमोने की मौत हो गई। वहीं प्रिया डमोने और गंगा डमोने गंभीर रूप से झुलस गईं।
फ्रिज में धमाके के बाद भड़की आग
शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात के समय घर के अंदर मौजूद थे। तभी घर में रखे फ्रिज में अचानक धमाका हुआ। इसके बाद फ्रिज में आग लग गई और कुछ ही देर में आग इतना बिकराल हो गई की कि पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग के भयावह होने से घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
दमकल ने बुझाई आग, घर से बरामद हुए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के अंदर तलाशी अभियान चलाया गया, जहां चार लोगों के शव मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गणेश चतुर्थी के दिन पसरा मातम
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन-यापन करता था। त्योहार के दिन हुए इस हादसे से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फ्रिज में धमाके के बाद आग लगने की बात सामने आई है, लेकिन आग के वास्तविक कारण और धमाके की वजह की जांच की जा रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
