शुक्रवार, 19 जून 202609:10:39 AM
Download App
Home/देश

Punjabi Tadka Restaurant : गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास होटल में लगी आग, फटे 3 गैस सिलेंडर

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Jun 14, 2026
04:46 AM
गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास होटल में लगी आग, फटे 3 गैस सिलेंडर

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मालवीय नगर और तुगलकाबाद अग्निकांड के बाद रविवार (14 जून 2026) तड़के एक और भीषण आग ने लोगों को दहला दिया। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि रेस्टोरेंट में रखे तीन एलपीजी सिलेंडर एक के बाद एक विस्फोट के साथ फट गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को बम विस्फोट जैसा एहसास हुआ।हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल की नौ गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के रेस्टोरेंट में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल दो वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर और एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट को मौके पर रवाना किया।

आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 5:05 बजे "मेक-4" कॉल घोषित की गई, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर भेजा गया। कुल नौ दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग पर काफी हद तक नियंत्रण कर लिया गया है, जबकि कूलिंग ऑपरेशन जारी है।बताया जा रहा है कि यह भवन बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिलों वाला है, जिसकी तीसरी मंजिल की छत पर अस्थायी ढांचा भी बना हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

एक महीने में कई बड़े अग्निकांडों से दहली दिल्ली

गौरतलब है कि पिछले एक महीने के दौरान दिल्ली में आग लगने की कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

सबसे भीषण हादसा 3 जून 2026 को दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुआ था। होटल में लगी आग ने देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 12 से अधिक विदेशी नागरिक शामिल थे। मामले की जांच पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां कर रही हैं। अग्नि सुरक्षा मानकों में कथित लापरवाही के आरोपों के बीच दिल्ली की एक अदालत ने होटल मालिक लवकेश बजाज और अकाउंटेंट जय मिश्रा को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इसके बाद 11 जून को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र में एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई थी। गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाओं समेत आठ लोग झुलस गए थे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की सात गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया था।

लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और भवनों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल कालकाजी रेस्टोरेंट अग्निकांड के कारणों की जांच जारी है।

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें