शुक्रवार, 27 नवंबर 202601:23:04 PM
Download App
Home/देश

जजों के चयन में भेदभाव! : पूर्व सीजेआई ने महामहिम को पत्र लिख लगाए गंभीर आरोप, कालेजियम व्यवस्था पर भी उठाई उंगली

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 27, 2026
10:43 AM
पूर्व सीजेआई ने महामहिम को पत्र लिख लगाए गंभीर आरोप, कालेजियम व्यवस्था पर भी उठाई उंगली

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने न्यायपालिका में न्यायाधीशों की नियुक्ति और तबादलों को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखा है। उन्होंने न्यायाधीशों के चयन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि हाल के फैसलों में विविधता, समावेशिता और योग्यता के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है।

पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने अपने पत्र में कहा कि न्यायिक नियुक्तियों में एक खास समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों और महिलाओं सहित अन्य वर्गों का प्रतिनिधित्व प्रभावित हो रहा है।

न्यायाधीश चयन व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल

जस्टिस गवई ने कहा कि न्यायाधीशों के चयन मंडल की सिफारिशें नियुक्तियों में निर्णायक भूमिका निभाती हैं, लेकिन इस व्यवस्था को जवाबदेह बनाने के लिए कोई प्रभावी तंत्र मौजूद नहीं है। उन्होंने राष्ट्रपति से संवैधानिक दायित्वों के तहत हस्तक्षेप करने और न्यायपालिका में सभी वर्गों का समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की अपील की है।

संविधान के तहत होती हैं नियुक्तियां

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्तियां संविधान के अनुच्छेद 124, 217 और 224 तथा नियुक्ति प्रक्रिया संबंधी ज्ञापन के तहत होती हैं। यह व्यवस्था 1993 के दूसरे न्यायाधीश मामले और 1998 के तीसरे न्यायाधीश मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के आधार पर निर्धारित की गई है।

नियमों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों की प्रक्रिया भारत के मुख्य न्यायाधीश शुरू करते हैं, जबकि हाईकोर्ट में संबंधित मुख्य न्यायाधीश अपने दो वरिष्ठतम न्यायाधीशों से परामर्श के बाद नामों की सिफारिश करते हैं। इसमें राज्य और केंद्र सरकार के विचार भी शामिल होते हैं।

वहीं, हाईकोर्ट के न्यायाधीशों का तबादला संविधान के अनुच्छेद 222 के तहत राष्ट्रपति द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद किया जाता है। पूर्व मुख्य न्यायाधीश के इस पत्र से न्यायिक नियुक्तियों में सामाजिक प्रतिनिधित्व, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर नई बहस छिड़ने की संभावना है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें