आईसीसी रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट का दबदबा : गिल के सिर फिर सजा नंबर-1 का ताज, टी20 ईशान शीर्ष पर कायम, बेबी बाॅस ने मचाई सनसनी

दुबई। आईसीसी की बुधवार को जारी ताजा रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट का दबदबा देखने को मिला है। भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शानदार छलांग लगाकर क्रिकेट जगत में अपनी पहचान और मजबूत कर ली है।
वैभव सूर्यवंशी का धमाका, टॉप-50 में बनाई जगह
जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में भारत की 3-0 की शानदार जीत का फायदा भारतीय खिलाड़ियों को आईसीसी रैंकिंग में भी मिला है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ताजा टी20 रैंकिंग में 230 स्थानों की बड़ी छलांग लगाई है।
वैभव अब टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की सूची में 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में 536 रेटिंग अंक हैं, जो उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में वैभव ने 50.33 की शानदार औसत से 151 रन बनाए थे। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब भी मिला था।
ईशान किशन नंबर-1 पर कायम, तिलक और श्रेयस को फायदा
टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन का दबदबा बरकरार है। वह 910 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं।
वहीं, तिलक वर्मा ने दो स्थान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर जगह बना ली है। श्रेयस अय्यर ने भी शानदार सुधार करते हुए सात पायदान की छलांग लगाई और अब वह 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजी में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को बड़ा फायदा हुआ है। जिम्बाब्वे सीरीज में तीन विकेट लेने के बाद उन्होंने टी20 रैंकिंग में 31 स्थान की लंबी छलांग लगाई और अब वह 41वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
गिल ने छीनी मिचेल से नंबर-1 की कुर्सी
वनडे क्रिकेट में शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया है। मिचेल जनवरी से इस रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए थे, लेकिन हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूरी के कारण उनकी रेटिंग प्रभावित हुई।
गिल की लगातार शानदार बल्लेबाजी ने उन्हें फिर से वनडे क्रिकेट का सबसे बेहतरीन बल्लेबाज बना दिया है।
जिम्बाब्वे और नामीबिया के खिलाड़ियों को भी फायदा
भारत के खिलाफ सीरीज हारने के बावजूद जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों ने रैंकिंग में सुधार किया है। रयान बर्ल ने बल्लेबाजी रैंकिंग में छह स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 85वां स्थान हासिल किया। वहीं, तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजराबानी 10 स्थान ऊपर पहुंचकर 26वें नंबर पर आ गए हैं।
वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में नामीबिया के बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने भी शानदार प्रदर्शन के दम पर टॉप-7 में जगह बना ली है। आईसीसी की ताजा रैंकिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट में युवा प्रतिभाओं का दौर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
