कटनी-सिवनी अग्निकांड : हृदयविदारक घटनाओं से आहत हुए सीएम, पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख सहायता राशि देने दिए निर्देश

भोपाल। मध्य प्रदेश में दिवाली की रात दो अलग-अलग अग्निकांडों ने 12 लोगों की मौत हो गई है। कटनी के बरही में तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में आई, जबकि सिवनी के छपारा में सराफा कारोबारी के घर में भीषण आग लगी। दोनों हादसों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की दर्दनाक मौत हुई। इन हृदयविदारक घटनाओं पर मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही पीड़ित परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।
सीएम डाॅ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि त्योहार के अवसर पर इस तरह की दुखद घटनाएं अत्यंत पीड़ादायक हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वहीं सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
दो परिवारों के 12 सदस्यों की गई थी जान
बता दें कि कटनी जिले के बरही कस्बे में तीन मंजिला इमारत में आग लगने से अग्रवाल परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई थी। मृतकों में बुजुर्ग दंपति, महिलाएं और बच्चियां शामिल थीं। इस हादसे में महज दो महीने के मासूम की भी जान चली गई थी।
वहीं, सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में सराफा कारोबारी कुंदन सोनी के घर में आग लगने से परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई थी। हादसे के समय घर में मौजूद चार अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
