संस्कारधानी में हिन्दुओं का पलायन : मुस्लिम युवकों की हरकतों से दहशत में हिन्दू परिवार, मांस फेंककर डराया, भजन भी रोके

जबलपुर। जबलपुर के आधारताल स्थित कटरा बस्ती में सांप्रदायिक तनाव गहराता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के कई हिंदू परिवारों ने आरोप लगाया है कि कुछ मुस्लिम युवकों की कथित धमकियों, उत्पीड़न और विवादित गतिविधियों के कारण उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई महीनों से माहौल लगातार खराब होता जा रहा है, जिसके चलते दर्जनों परिवार अपने मकान बेचकर दूसरी जगह जाने को मजबूर हुए हैं।
“भजन और हनुमान चालीसा पर भी आपत्ति”
स्थानीय निवासी संकोचना यादव, सीमा लखेरा और मृदुल यादव ने आरोप लगाया कि सुबह घरों में बजने वाले भक्तिगीत और हनुमान चालीसा पर कुछ मुस्लिम युवक आपत्ति जताते हैं। विरोध करने पर विवाद और मारपीट जैसी स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि डर और तनाव के कारण कई परिवारों ने धार्मिक गतिविधियां तक सीमित कर दी हैं।
निवासियों के मुताबिक, मंदिर जाने वाले रास्तों में कथित तौर पर मांस के टुकड़े, हड्डियां और कचरा फेंका जाता है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि देर रात पथराव और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
50 से ज्यादा परिवार छोड़ चुके हैं बस्ती
कटरा बस्ती की रहने वाली सीमा लखेरा ने दावा किया कि पिछले 8 से 9 महीनों में 50 से अधिक हिंदू परिवार अपने मकान बेचकर इलाके से जा चुके हैं। उनका कहना है कि लगातार विवाद और तनाव के कारण अब केवल 10 से 12 हिंदू परिवार ही वहां बचे हैं, जो खुद भी पलायन का मन बना रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हिंदू परिवारों पर मानसिक दबाव बनाया जाता है ताकि वे कम कीमत में मकान बेचने को मजबूर हो जाएं। इससे इलाके की सामाजिक संरचना तेजी से बदल रही है।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें ही समझाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्षेत्रीय विधायक लखन घनघोरिया ने भी कहा कि उन्हें इस तरह की घटनाओं की जानकारी नहीं है। स्थानीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन शुरू करेंगे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
