पीएम ने आंध्र को दी नए रनवे की सौगातः : भोगपुरम इंटरनेशन एयरपोर्ट का उद्घाटन कर मोदी बोले- स्वर्ण आंध्र के विजन को मिलेगी नई रफ्तार

विशाखापत्तनम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को आंध्रप्रदेश के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने विजयनगरम जिले के भोगपुरम में बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। 5,640 करोड़ रुपये की लागत से बना यह अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगा। कार्यक्रम से पीएम मोदी ने लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मंच पर आंध्रपदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू भी मौजूद थे
आंध्र प्रदेश के चुट्टिलु कॉटेज, अराकू वैली और फ्लाइंग फिश से प्रेरित होकर एयरपोर्ट टर्मिनल का डिजाइन किया गया है। इस एयरपोर्ट को हर साल 60 लाख यात्रियों को सुविधा देने के हिसाब से डिजाइन किया गया है। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास और स्वर्ण आंध्र के संकल्प के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के साथ सड़क संपर्क, ऊर्जा और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं राज्य की प्रगति को नई गति देंगी। पीएम ने कहा कि यह हवाई अड्डा केवल एक परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि उत्तर आंध्र के आर्थिक विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य का नया आधार बनेगा।
ढिमसा नृत्य से हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री के आगमन पर जनजातीय समुदाय की 13,500 से अधिक महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक ढिमसा नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय विरासत का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने आदिवासी समाज के योगदान की प्रशंसा करते हुए सभी कलाकारों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने नेतृत्व की सराहना की
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि दुनिया के कई लोकतांत्रिक देश मजबूत नेतृत्व की तलाश में हैं, जबकि भारत के पास अनुभवी और परखा हुआ नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं और देश को नई दिशा दी है।
उद्योग, ऊर्जा और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सरकार के अनुसार, भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उद्योग, पर्यटन, निर्यात, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। पहले चरण में इसकी वार्षिक क्षमता 60 लाख यात्रियों की होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर चार करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने की योजना है। हवाई अड्डे में आधुनिक डिजिटल तकनीकों और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं का समावेश किया गया है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने राज्य की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई की आधारशिला भी रखी, जहां हर वर्ष करोड़ों सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन होगा। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी विद्युत प्रसारण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से आंध्र प्रदेश में औद्योगिक निवेश, हरित ऊर्जा और आधारभूत ढांचे के विकास को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
