रविवार, 9 अगस्त 202608:13:48 AM
Download App
Home/देश

अब नए अंदाज में यात्रियों का स्वागत करेगी वंदे भारत : झांसी में मिला अधुनिक रुप, देखने को मिलेगी मप्र की संस्कृति और विरासत की झलक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 29, 2026
08:37 AM
झांसी में मिला अधुनिक रुप, देखने को मिलेगी मप्र की संस्कृति और विरासत की झलक

ग्वालियर। भारतीय रेलवे की आधुनिक पहचान बन चुकी रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस अब नए अंदाज में यात्रियों का स्वागत करेगी। दरसअल इस हाई स्पीड ट्रेन को अत्याधुनिक रोबोटिक पेंटिंग तकनीक के जरिए भगवा रंग और प्रीमियम लुक दिया गया है। विभाग के इस कदम से ट्रेन की बाहरी फिनिशिंग पहले से ज्यादा आकर्षक, मजबूत और टिकाऊ हो गई है।

नए रंग-रूप के साथ इस वंदे भारत में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आंतरिक बदलाव भी किए गए हैं। रेलवे का उद्देश्य है कि यात्रियों को तेज गति के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से भरपूर आरामदायक और यादगार यात्रा का अनुभव मिले।

झांसी से भोपाल के लिए रवाना हुई नई वंदे भारत

नई साज-सज्जा के बाद यह वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को झांसी से भोपाल के लिए रवाना हुई।। ट्रेन की सबसे खास बात यह है कि इसके कोच के अंदर मध्य प्रदेश की संस्कृति, इतिहास और पर्यटन स्थलों की आकर्षक झलक दिखाई देगी।

रेलवे ने इस पहल के जरिए यात्रियों को सफर के दौरान ही प्रदेश की समृद्ध विरासत से जोड़ने की कोशिश की है। कोच के अंदर मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों के चित्रों तथा कलात्मक प्रतिकृतियों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया है।

ट्रेन के अंदर दिखेगी मध्य प्रदेश की गौरवशाली विरासत

वंदे भारत के कोच अब मध्य प्रदेश की पहचान बने कई ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों की कहानी बताएंगे। इनमें ग्वालियर का प्रसिद्ध किला, खजुराहो के विश्व धरोहर मंदिर, सांची स्तूप और भीमबेटका की प्राचीन गुफाएं शामिल हैं।

इसके अलावा कान्हा और बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता, ओरछा के ऐतिहासिक स्मारक, भोजपुर मंदिर, उज्जैन का महाकाल लोक, पचमढ़ी की खूबसूरत वादियां, भेड़ाघाट की संगमरमर घाटियां और ओंकारेश्वर जैसे धार्मिक स्थलों को भी आकर्षक तरीके से दर्शाया गया है।

रेलवे की नई पहल से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि ट्रेन के अंदर पर्यटन स्थलों की झलक यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाएगी। इससे न केवल यात्रा का आनंद बढ़ेगा, बल्कि मध्य प्रदेश के पर्यटन को भी नई पहचान मिल सकती है।

मेक इन इंडिया की भावना को आगे बढ़ाते हुए तैयार की गई यह वंदे भारत अब आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संगम का उदाहरण बन गई है। नए भगवा रंग और आकर्षक इंटीरियर के साथ यह ट्रेन यात्रियों के लिए एक अलग अनुभव लेकर आएगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें