सोमवार, 2 नवंबर 202608:02:08 PM
Download App
Home/देश

200 करोड़ के केस में नोरा फतेही की बढ़ी मुश्किलें : कोर्ट से दूरी बनाने पर जज ने लगाई फटकार, कहा- हमें न लें हल्के में

admin

admin

Nov 02, 2026
07:36 AM
कोर्ट से दूरी बनाने पर जज ने लगाई फटकार, कहा- हमें न लें हल्के में

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक बार फिर 200 करोड़ रुपये के चर्चित जबरन वसूली मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस मामले में सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन अभिनेत्री अदालत में पेश नहीं हुईं। उन्हें अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराना था। उनकी गैरमौजूदगी पर अदालत ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट कहा कि कोर्ट को हल्के में नहीं लिया जा सकता। अब इस मामले की अगली सुनवाई 6 नवंबर को होगी।

कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं पहुंचीं नोरा

दरअसल, पिछली सुनवाई के दौरान राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा फतेही को 2 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। सोमवार को जब मामले की सुनवाई हुई तो अभिनेत्री की ओर से उनके वकील अदालत में पहुंचे और व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की। इस पर अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए नाराजगी जताई। कोर्ट ने साफ संकेत दिया कि न्यायिक प्रक्रिया और अदालत के आदेशों को गंभीरता से लेना जरूरी है।

दिल्ली पुलिस ने बताया- भेजा था नोटिस

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि अभिनेत्री को 22 अक्टूबर को ही पेशी के संबंध में नोटिस भेज दिया गया था। यह नोटिस ईमेल और व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजा गया था। इसके अलावा उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने यह भी कहा कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि नोरा सोमवार को अदालत में पेश होंगी या नहीं।

अब 6 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 नवंबर की तारीख निर्धारित की है। अब नोरा फतेही को उस दिन गवाही के लिए अदालत में पेश होना होगा। उनकी गवाही इस हाईप्रोफाइल मामले की सुनवाई में महत्वपूर्ण हो सकती है।

क्या है 200 करोड़ रुपये का मामला?

गौरतलब है कि यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली से संबंधित है। इस मामले में कई चर्चित हस्तियों से पूछताछ और बयान दर्ज किए गए हैं। नोरा फतेही को भी अभियोजन पक्ष ने गवाह के रूप में बुलाया है। फिलहाल अदालत के सख्त रुख के बाद अब सबकी निगाहें 6 नवंबर की सुनवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि अभिनेत्री अगली तारीख पर अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराती हैं या नहीं।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें