दिवाली की आतिशबाजी ने बिगाड़ी इंदौर की आबोहवा : खतरनाक स्तर पर पहुंचा एक्यूआई, सांस लेना भी हुआ दूभर

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल इंदौर में दीपावली की रात हुई आतिशबाजी का असर अब शहर की आबोहवा पर दिखाई दिया। रातभर चले पटाखों के दौर ने स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान रखने वाले इंदौर को धुएं की मोटी चादर में ढक दिया। हालात यह रहे कि देर रात वायु प्रदूषण का स्तर असामान्य रूप से बढ़ गया। इतना ही नहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीब) के जारी आंकड़ों के अनुसार इंदौर शहर की वायु गुणवत्ता दीपावली की रात करीब 1 बजे 1708 तक पहुंच गया। सुबह होते-होते कई इलाकों में लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हुई।
महज पांच घंटे में तेजी से बिगड़ी हवा, कई इलाकों में प्रदूषण का कहर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में रात 3 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 338 दर्ज किया गया। इससे पहले यह 281 था। यानी महज पांच घंटे में प्रदूषण के स्तर में 57 अंकों की बढ़ोतरी हुई।
इसी तरह मगोड़ा नगर क्षेत्र में सूचकांक 203 से बढ़कर 316 पहुंच गया। यहां 113 अंकों का उछाल दर्ज किया गया। वहीं रेजिडेंसी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर 206 से बढ़कर 261 हो गया। दीपावली की रात कई ऑनलाइन वायु गुणवत्ता मंचों पर इंदौर को दुनिया के दूसरे सबसे प्रदूषित शहर के रूप में भी दर्शाया गया। इन मंचों पर शहर का प्रदूषण स्तर 1708 तक दिखाया गया। हालांकि, अलग-अलग मंचों और मापन प्रणालियों के आंकड़ों में अंतर हो सकता है।
सामाजिक माध्यमों पर लोगों ने जताई नाराजगी
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को लेकर शहरवासियों ने सामाजिक माध्यमों पर चिंता जाहिर की। अरविंद तिवारी ने प्रदूषण के आंकड़े साझा करते हुए शहर की बिगड़ती हवा पर सवाल उठाए। वहीं पंकज क्षीरसागर ने पटाखों के अनियंत्रित इस्तेमाल और जनजागरूकता की कमी को इस स्थिति की प्रमुख वजह बताया।
बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी, घरों में भी घुसा धुआं
दीपावली की रात आतिशबाजी के बाद हवा में धुआं इस कदर फैल गया कि लोगों को घरों के अंदर भी राहत नहीं मिली। कई नागरिकों ने सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत की। छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर इसका विशेष असर देखने को मिला। धुएं और पटाखों के तेज शोर से पशु-पक्षियों को भी परेशानी हुई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
