CJP नेता गौरव दास के खिलाफ LOC जारी : लंदन यात्रा से पहले केन्द्र सरकार का बड़ा एक्शन, पासपोर्ट की गड़बड़ी से नागरिकता पर भी उठे सवाल

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास पर बड़ा एक्शन हो गया है। उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी हो गया है। ऐसे में अब वे विदेश की यात्रा नहीं कर सकेंगे। केन्द्र सरकार ने यह अहम जानकारी गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को दी है। सुनवाई के दौरान सरकार ने अदालत को बताया कि सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है। इसके चलते उनके विदेश जाने पर रोक लगी हुई है। सरकार की ओर से यह भी कहा गया कि उनके पासपोर्ट में पाई गई कमियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब मामले पर सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।
हाईकोर्ट में केंद्र का खुलासा, पासपोर्ट की कमियों पर उठाए सवाल
सौरव दास की विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ दायर याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। केंद्र सरकार की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत को बताया कि सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। उन्होंने पासपोर्ट में पाई गई कथित विसंगतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका प्रभाव उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
वहीं, सौरव दास की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि जब इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें विमान में सवार होने से रोका, तब उन्हें LOC जारी होने की कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
लंदन जाने से एयरपोर्ट पर रोके गए थे सीजेपी नेता
दरअसल, सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट में सरकारी अधिकारियों के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसके तहत उन्हें विदेश जाने से रोक दिया गया था। उनका आरोप है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक व्याख्यान देने के लिए लंदन जाना था।
जन्मस्थान की जानकारी में विसंगति, पासपोर्ट कार्यालय ने भेजा नोटिस
इस मामले में बुधवार को विदेश मंत्रालय ने भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की थी। मंत्रालय के मुताबिक, पासपोर्ट आवेदन में जन्मस्थान से संबंधित जानकारी में कथित विसंगति मिलने पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। साथ ही जवाब दाखिल होने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
