छात्रों से संवाद, भव्य रोड शो, : इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर मप्र कांग्रेस की बड़ी तैयारी

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर मप्र कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। छात्रों की गूंज कार्यक्रम के अलावा पार्टी राहुल के एक भव्य रोड शो की योजना बना रही है। कांग्रेस की योजना है कि रास्ते में रोड शो के जरिए कार्यकर्ताओं और आम लोगों से राहुल गांधी का सीधा संवाद कराया जाए।
रोड शो की जिम्मेदारी विधानसभा वार कांग्रेस नेताओं को सौंपे जाने की तैयारी है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में नेताओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका तय की जा सकती है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम राहुल गांधी की टीम की सहमति और मौसम की स्थिति को देखते हुए तय होगा। वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो रोड शो कराया जा सकता है।
तैयारियों के लिए कई बड़े नेता पहुंचे इंदौर
बता दें कि राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे और उसी दिन शाम को दिल्ली रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि वे पूर्वी रिंग रोड स्थित एक होटल में रुकेंगे। इसके बाद वहां से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए कांग्रेस के कई बड़े नेता मंगलवार को ही इंदौर पहुंच गए हैं। शुक्रवार तक प्रदेश और केंद्र स्तर के कुछ अन्य नेता भी शहर पहुंचेंगे।
स्कूल-कॉलेजों में पहुंच रहे कांग्रेस नेता
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने विद्यार्थियों तक पहुंच बढ़ा दी है। पार्टी के नेता स्कूल और कॉलेजों में जाकर छात्रों का पंजीयन करा रहे हैं। इसके साथ ही उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं। कांग्रेस नेताओं की सक्रियता केवल स्कूल और कॉलेजों तक सीमित नहीं है। पुस्तकालयों और कोचिंग संस्थानों में भी पहुंचकर विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य अधिक से अधिक छात्रों की कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करना है।
एमपी के ज्वलंत मुद्दों पर भी हो सकती है चर्चा
राहुल गांधी की टीम ने मध्यप्रदेश से जुड़े प्रमुख और ज्वलंत मुद्दों की जानकारी भी मंगाई है। ऐसे में छात्रों के साथ संवाद के दौरान शिक्षा और युवाओं से जुड़े विषयों के अलावा प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी राहुल गांधी अपनी बात रख सकते हैं। कार्यक्रम शाम छह बजे के बाद शुरू होने की संभावना है। कांग्रेस की कोशिश है कि आयोजन को विद्यार्थियों की भागीदारी वाला बड़ा कार्यक्रम बनाया जाए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
