लोकतंत्र नहीं, खतरे में है विपक्ष की कुर्सी : नितिन नवीन के निशाने पर राहुल, बोले झूठ की खेती कर रहा विपक्ष

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले लाजपत पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में नहीं है, बल्कि विपक्ष की कुर्सी खतरे में है। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर देश में भ्रम और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- झूठ की खेती कर रहा विपक्ष
नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी नेता झूठ की खेती कर रहे हैं। बिहार से शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर विपक्ष ने वोट चोरी के आरोप लगाए, लेकिन चुनाव आयोग के सामने शिकायत दर्ज कराने का अवसर मिलने के बावजूद विपक्षी दलों ने कोई ठोस शिकायत नहीं की।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने को लेकर दावे-आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 60 दिनों का समय दिया गया था। भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ताओं ने जनता के साथ मिलकर प्रक्रिया में भाग लिया, जबकि कांग्रेस और राजद के नेता जनता के बीच नहीं पहुंचे।
चुनाव हारते ही ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल क्यों?
भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो उसे लोकतंत्र की जीत बताता है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करने लगता है। उन्होंने कांग्रेस, राजद, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक असफलता का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के टूलकिट के रूप में इस्तेमाल हो रहे हैं और भारत के विकास को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को समर्थन दिया है।
बिहार से 2029 और 2030 का सियासी संदेश
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश संविधान से चलेगा, किसी परिवार के कानून से नहीं। उन्होंने बिहार को लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती बताते हुए कहा कि एनडीए प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 और 2030 में भी एनडीए बिहार के विकास की गति को आगे बढ़ाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
