भाजपा अध्यक्ष का भोपाल दौरान कैंसिल : अब दिल्ली में मंत्रियों से हिसाब लेंगे नवीन, टटोलेंगे राजनीतिक नब्ज भी

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का प्रस्तावित भोपाल दौरा टल गया है। उनके स्वागत और बैठकों को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन और सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी थीं, लेकिन अब नवीन 19 और 20 नवंबर को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मप्र के साथ ही भाजपा शासित राज्यों के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें मप्र के पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामाजिक कल्याण विभागों के मंत्री भी शामिल रहेंगे।
जानकारी के अनुसार इस बैठक के बहाने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उद्देश्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामाजिक कल्याण वर्गों के लिए संचालित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा करना है। इस दौरान मंत्रियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचने की स्थिति और विभागीय उपलब्धियों का ब्योरा लिया जाएगा। इसके बाद भाजपा नेतृत्व विभिन्न राज्यों के कामकाज की तुलनात्मक समीक्षा भी करेगा, ताकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों के अनुभव दूसरे राज्यों में लागू किए जा सकें।
इसलिये अहम है बैठक
इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से इसलिये भी अहम माना जा रहा है क्योंकि, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े विभाग सामाजिक समीकरणों और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाते हैं। लिहाजा उत्तरप्रदेश सहित देश में होने वाले आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा नेतृत्व केवल सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि इन वर्गों तक पार्टी और सरकार की पहुंच तथा योजनाओं के राजनीतिक-सामाजिक प्रभाव को समझने का प्रयास करेगा।
इन विषयों पर केंद्रित होगी बैठक
-सरकारी योजनाओं की प्रगति
-लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या
-बजट खर्च और उपयोगिता
-योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन
-भविष्य की कार्ययोजना और सामाजिक-राजनीतिक प्रभाव
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
